शेखर कपूर, शिरीष कुंदर ने राष्ट्रगान से जुड़े उच्चतम न्यायालय के आदेश पर निशाना साधा

12/1/2016 9:52:16 AM

मुंबई: निर्देशक शेखर कपूर ने देश भर में फिल्म दिखाने से पहले सिनेमाघरों में राष्ट्रगान बजाना अनिवार्य करने के उच्चतम न्यायालय के आदेश की आलोचना की।  

70 साल के कपूर ने कहा कि शीर्ष न्यायालय को नेताओं के लिए भी संसद का प्रत्येक सत्र शुरू होने से पहले राष्ट्रगान गाना अनिवार्य कर देना चाहिए।  उन्होंने ट्विटर पर लिखा, ‘‘उम्मीद है कि उच्चतम न्यायालय भारतीय संसद को हर सत्र की शुरूआत से पहले राष्ट्रगान गाने का आदेश देगी। अकसर यह नाटक भी फिल्म जैसा लगता है।’’  बाद में कपूर ने एक दूसरे ट्वीट में कहा, ‘‘उच्चतम न्यायालय से भारतीय संसद को हर सत्र की शुरूआत से पहले राष्ट्रगान गाने का आदेश देने के लिए कहें।’’  फिल्मकार कुंदर ने भी कहा कि राष्ट्रगान रेस्तराओं सहित घूमने-फिरने, मनोरंजन की सभी जगहों पर अनिवार्य कर दिया जाना चाहिए।  

उन्होंने कहा, ‘‘यह आधा ही आदेश है। राष्ट्रगान बजते समय खड़े ना होने की क्या सजा है? देखते ही गोली मार देना? पीट-पीटकर हत्या कर देना? जेल? फांसी ?’’