''उसने मेरे हाथों में दम तोड़ा, अब मैं कैसे जियूंगी '' पिता से बिलखते हुए बोली शहनाज

9/3/2021 7:37:17 AM

मुंबई: एक्टर सिद्धार्थ शुक्ला का वीरवार ( 2 सितंबर) को हार्ट अटैक की वजह से  निधन हो गया। सिद्धार्थ ने 40 की उम्र में अंतिम सांस ली। इस खबर से उनके परिवार और दोस्तों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सिद्धार्थ के यूं चले जाने से उनकी सबसे करीबी दोस्त और एक्ट्रेस शहनाज गिल की हालत भी बहुत खराब है। शहनाज के निधन की खबर सुनते ही वह अपनी सुधबुध खो बैठी हैं। इसी बीच खबर आ रही हैं कि सिद्धार्थ के अंतिम समय में शहनाज उनके साथ थी।

सिद्धार्थ ने शहनाज की गोद में ही अंतिम सांस ली।एक रिपोर्ट के मुताबिक संतोख ने कहा- 'बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है। शहनाज बोल रही थी कि पापा उसने मेरे हाथों में दम तोड़ा है। अब मैं कैसे जियूंगी। मेरे हाथों में वो इस दुनिया को छोड़कर चला गया।'

रिपोर्ट के अनुसार आगे संतोख ने बताया-'शहनाज उसको सुबह नॉर्मली उठाने गई तो उसने जवाब नहीं दिया। उसने गोदी में उसको पकड़ के रखा और उसने कोई जवाब नहीं दिया। फिर उसने उसकी पूरी फैमिली को बुलाया जो आस-पास ही रहते हैं, जिसके बाद उसे हॉस्पिटल ले जाया गया। शहनाज ने कहा, थोड़ी देर में उसे जला देंगे, नहीं रहेगा वो तो मैं कैसे रहूंगी।'

 

शहनाज बिग बॉस-13 में सिद्धार्थ के साथ थीं। शो में दोनों के बीच अफेयर की अफवाहें शुरू हुईं। शोखत्म होने के बाद भी शहनाज ने हमेशा खुलकर इस बात का जिक्र किया कि उन्हें सिद्धार्थ पसंद हैं। हालांकि, सिद्धार्थ ने कभी माना नहीं कि वे शहनाज के साथ रिलेशनशिप में हैं, लेकिन इससे इनकार भी नहीं किया।


तबीयत बिगड़ी तो रात 3 बजे मां से मांगा था पानी

सिद्धार्थ को मां रीता के साथ बुधवार शाम टहलते हुए देखा गया था। सिद्धार्थ ने बुधवार रात सोने से पहले कुछ दवाएं ली थीं। रात करीब 3 बजे उन्हें बेचैनी हुई और उन्होंने मां रीता से पानी मांगा। उन्हें बताया कि ठीक नहीं लग रहा है। इसके बाद सिद्धार्थ सोने चले गए। सुबह जब मां ने जगाने की कोशिश की तो वे नहीं जागे। मां ने बेटी प्रीति को फोन किया,जो अपने पति के साथ आईं और इसके बाद सिद्धार्थ को कूपर अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 

सिद्धार्थ शुक्ला ने अपने करियर की शुरुआत एक मॉडल के तौर पर की थी। इसके बाद साल 2004 में उन्होंने टीवी से अपना एक्टिंग डेब्यू किया था। टीवी इंडस्ट्री में सफलता के बाद सिद्धार्थ शुक्ला ने बॉलीवुड का भी रुख किया। सिद्धार्थ ने 2014 में 'हम्प्टी शर्मा की दुल्हनिया' से बॉलीवुड डेब्यू किया था।

Content Writer

Smita Sharma