EID 2022: मन्नत की बालकनी पर निकला ''चांद'', 2 साल बाद ईद पर फैंस को हुए शाहरुख खान के दीदार

5/4/2022 8:05:50 AM

मुंबई: कोरोना संक्रमण काल के कमजोर पड़ने के साथ ही देश भर में 3 मई (मंगलवार)को धूमधाम से ईद का त्‍योहार मनाया गया। सेवईयों और बिरयानी की खुशबू से घरों में रौनक छाई हुई है। आम जनता से लेकर सेलिब्रिटीज तक अपने अंदाज में ईद का त्योहार मनाते दिख रहे हैं। वहीं हर साल की तरह इस बार भी फैंस को अपने चहेते सुपरस्टार्सर शाहरुख खान के दीदार का इंतजार था जो खत्म हुआ।


मुंबई में ईद पर फिल्मी दीवानों को भी एक चांद नजर आ गया। दो साल बाद शाहरुख खान ने ईद के अवसर पर फैंस से रूबरू हुए। दोपहर से ही खुले आसमान के नीचे मौसम का कहर झेल रहे हजारों लोगों की मन्नत देर शाम पूरी हुई।

जब उनकी ईद मुबारक  का जवाब देने शाहरुख खान अपने बंगले मन्नत के बाहर जुटे लोगों का दीदार करने आ गए। किंग खान का सिग्नेचर पोज देखकर फैंस का मन खुशी से गदगद हो गया। 

गौरतलब है कि किंग खान आमतौर पर ईद के दिन अपने बंगले की चारदीवारी पर बनी लोहे की बालकनी पर आकर फैंस को अपना दीदार देते हैं लेकिन बीते दो साल से ये सिलसिला बंद था। वहीं इस साल शाहरुख को मिलने फिर हजारों लोग यहां जुटे। बढ़ते शोर को देखते हुए स्थानीय पुलिस ने भी यहां पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया।

वहीं दिन ढलने से कुछ ही देर पहले शाहरुख अपनी बालकनी में आए और लोगों को ईद की मुबारकबाद दी। शाहरुख ने फैंस को दोनों हाथ जोड़कर नमस्ते की और फिर ईद मुबारक की दुआएं कुबूल करने को आदाब भी किया। लुक की बात करें तो शाहरुख जींस-टीशर्ट में दिखे। फैंस शाहरुख की इन तस्वीरों को काफी पसंद कर रहे हैं। 


काम की बात करें तो शाहरुख जल्द ही फिल्म 'पठान' में नजर आएंगे। फिल्म में उनके साथ दीपिका पादुकोण, जाॅन अब्राहम हैं। इसके अलावा उन्होंने हाल ही में अपने नए प्रोजैक्ट 'धुनकी' की घोषणा की है। इसमें उनके साथ तापसी पन्नू नजर आएंगी। 

Content Writer

Smita Sharma