Covid-19: विदेश में भी शुरू की शाहरुख ने डोनेशन,कैरेबियन क्रिकेट टीम खिला रही हैं जरुरतमंदो को खाना

5/11/2020 2:17:53 PM

मुंबई: कोरोना वायरस की वजह से हुए लाॅकडाउन की वजह से लोगों को कई तरह की आर्थिक मुश्किलों को सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में बॉलीवुड स्टार्स भी मदद करने के मामले में सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रहे हैं।

डोनेशन से लेकर गरीबों को खाना खिलाने तक सभी कामों में ये स्टार्स  दिल खोलकर अपनी ओर से संभावित मदद कर रहे हैं।  इस बीच बॉलीवुड के किंग खान शाहरुख खान ने कोरोना वायरस के खिलाफ भी मोर्चा खोल दिया है। शाहरुख देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी गरीब और भूखों को खाना खिला रहे हैं। 

 

शाहरुख अपनी कैरेबियन क्रिकेट टीम की मदद से त्रिनिदाद और टोबैगो जैसे शहरों में खाना बंटवा रहे हैं। इस बात की जानकारी हाल ही में शाहरुख की कैरेबियन प्रीमियर क्रिकेट लीग की टीम 'टोबैगो नाइट राइडर्स' के ऑफिशियल ट्वीटर अकाउंट पर दी।

'टोबैगो नाइट राइडर्स' के ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट पर बताया कि कैरेबियन शहर त्रिनिदाद और टोबैगो में टीम गरीबों तक खाना पहुंचा रही है। अब तक लगभग 1000 लोगों की मदद की जा चुकी है। वहीं शाहरुख ने भी अपनी टीम की तारीफ करते हुए लिखा- 'त्रिनिदाद और टोबैगो में हमारी टीम 'टोबैगो नाइट राइडर्स' बहुत अच्छा काम कर रही है।

हम लोग मुश्किल की इस घड़ी में एक दूसरे की मदद कर रहे हैं। कोरोना वायरस लॉकडाउन के चलते त्रिनिदाद और टोबैगो के लोगों को खाना मिलने में दिक्कत हो रही है। ऐसे में हमारी टीम लगातार लोगों को खाना खिला रही है। मुझे आप सब पर गर्व है।' बता दें कि इससे पहले  शाहरुख ने अपनी कंपनियों के समूह के साथ मदद का हाथ बढ़ाया था।  

सरकारी कोष से लेकर 50,000 पीपीई किट, मुंबई के 5500 परिवारों की खाद्य आवश्यकताओं, 10,000 लोगों के लिए 3 लाख भोजन किट, दिल्ली में 2500 दिहाड़ी मजदूरों के लिए किराये और 100 एसिड सर्वाइवर को आर्थिक मदद की थी। इसके अलावा शाहरुख खान ने अपने चार मंजिला ऑफिस को भी क्वारंटाइन केंद्र बनाने के लिए दिया था। शाहरुख ने  महाराष्ट्र सरकार को 25 हजार पीपीई किट्स डोनेट की हैं।

Smita Sharma