बिलकिस बानो गैंगरेप के दोषियों की रिहाई पर भड़की शबाना आजमी, रोते हुए बोलीं-क्या आप में मानवता नहीं बची?

9/3/2022 1:10:37 PM

बॉलीवुड तड़का टीम. गुजरात के सबसे चर्चित बिलकिस बानो केस में 11 दोषियों की रिहाई के फैसले पर लगो लगातार अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। लोग इस फैसले  की कड़ी निंदा कर रहे हैं। बीते दिनों मशहूर राइटर जावेद अख्तर ने इस मामले पर  नाराजगी जाहिर की थी। वहीं अब बिलिकस बानो केस में गुजरात सरकार के फैसले की दिग्गज एक्ट्रेस शबाना आजमी ने भी खूब आलोचना की है। एक इंटरव्यू में इस मुद्दे पर बात करते हुए शबाना के आंसू भी छलक आए।

 


शबाना आजमी ने कहा, जब मुझे पता चला कि 11 दोषियों को रिहा कर दिया गया तो मैं भौचक्का रह गई। इन लोगों को छोड़ा जाता है और फिर लड्डू बांटे जाते हैं। हम ऐसा करके समाज को क्या संदेश दे रहे हैं और किस तरह से नारी सम्मान के साथ समझौता कर रहे हैं। यह कहते हुए शबाना आजमी रो पड़ीं। उन्होंने कहा कि पूरे देश को इसके खिलाफ सड़क पर उतरना चाहिए लेकिन एक सन्नाटा है। 

 

एक्ट्रेस ने आगे कहा, इस मुद्दे को इस तरह पेश किया जा रहा है जैसे यह कोई वोटबैंक का मुद्दा है। इसका इस्तेमाल समाज में सांप्रदायिक टकराव पैदा करने के लिए किया जाता है। 

 

 

 

रेप के दोषियों के रिहा होने के बाद एक भाजपा नेता ने कहा था कि ये सभी ब्राह्मण हैं और संस्कारी हैं। इसपर एक्ट्रेस ने कहा, जिन्हें दोषी करार दिया गया है और पूरी प्रक्रिया हुई है उन्हें ब्राह्मण और संस्कारी कहा जा रहा है। आखिर इसका मतलब क्या है? 

 


भड़कते हुए शबना ने सवाल उठाए कि इस मुद्दे पर मानवाधिकार आयोग चुप क्यों है, महिला और बाल विकास विभाग चुप क्यों है और भाजपा का महिला मोर्चा क्यों चुप्पी साधे है। क्या आप में मानवता नहीं बची है? उन्होंने कहा, बिलकिस बानो के साथ बहुत बड़ी घटना हुई लेकिन उन्होंने धैर्य नहीं खोया और इन लोगों को सजा दिलवाई। लेकिन वह अकेले कहां तक लड़ेंगी, हम सबको आकर उनके लिए खड़े होना चाहिए। उन्होंने कहा, मैं शर्मिंदा हूं, इसके अलावा और क्या कह सकती हूं। 

  

Content Writer

suman prajapati