SSR Case:सुशांत की बहन प्रियंका को SC से राहत नहीं,रिया चक्रवर्ती ने लगाए थे गलत दवाई देने के आरोप

3/26/2021 2:29:07 PM

मुंबई: एक्टर सुशांत सिहं राजपूत साल 2020 में  14 जून को अपने बांद्रा वाले फ्लैट में मृत पाए गए थे। शुरुआती जांच में  मुंबई पुलिस ने इसे आत्महत्या बताया था। हालांकि सुशांत के पिता की शिकायत के बाद इस केस को सुप्रीम कोर्ट सीबीआई के हवाले किया। फिलहाल इस केस की जांच हो रही हैं।

 

सुशांत केस में एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती पर कई इल्जाम लगाए। इतना ही नहीं इस केस में ड्रग एंगल आने के बाद रिया को 1 महीने के लिए जेल की हवा खानी पड़ी। वहीं  रिया चक्रवर्ती ने भी सुशांत की बहन प्रियंका सिंह और एक डॉक्टर के खिलाफ मुंबई पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई थी।

इस एफआईआर के खिलाफ सुशांत की बहन ने सुप्रीम कोर्ट में अर्जी दी थी जिसे अब कोर्ट ने खारिज कर दिया है। शुक्रवार को सुशांत की बहन की याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने इसे खारिज कर दिया। याचिका में प्रियंका ने अपने खिलाफ रिया चक्रवर्ती की मुंबई पुलिस में दर्ज कराई एफआईआर को रद्द करने की मांग की थी।

 

इससे पहले प्रियंका ने रिया की एफआईआर पर बॉम्बे हाई कोर्ट में भी चुनौती दी थी। वहां भी रिया की एफआईआर को रद्द किए जाने की याचिका खारिज कर दी गई थी। हालांकि हाई कोर्ट ने सुशांत की दूसरी बहन मीतू सिंह के खिलाफ एफआईआर को खारिज कर दिया था मगर प्रियंका सिंह और दिल्ली के एक डॉक्टर पर मामला दर्ज किए जाने की इजाजत दे दी थी। 

बता दें कि सुशांत के निधन के बाद कुछ वॉट्सऐप चैट सामने आए थे जिससे यह पता चला था कि सुशांत की बहन प्रियंका जो दिल्ली में वकील हैं, उन्होंने अपने एक डॉक्टर दोस्त के जरिए फर्जी प्रिस्क्रिप्शन के आधार पर सुशांत को कुछ ऐसी दवाएं दी थीं जो मनोवैज्ञानिक बीमारियों में इस्तेमाल की जाती हैं। रिया ने आरोप लगाया है कि  फर्जी प्रिस्क्रिप्शन पर मिली इन दवाओं के कारण सुशांत की मानसिक हालत बिगड़ी और उन्होंने कथित तौर पर सुसाइड किया। 

 

Content Writer

Smita Sharma