मराठी एक्ट्रेस सारा श्रवण को पुलिस ने किया गिरफ्तार

12/1/2019 11:59:45 PM

मुंबईः मराठी एक्ट्रेस सारा श्रवण को साथी एक्टर द्वारा दर्ज 15 लाख रुपये के वसूली मामले में पुणे पुलिस की अपराध शाखा ने गिरफ्तार किया है। बता दें सारा श्रवण को सारा सोनवणे के नाम से भी जाना जाता है। उनकी गिरफ्तारी के साथ मामले में अभी तक चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने रविवार को बताया कि श्रवण ने उदीयमान एक्टर सुभाष यादव के साथ काम किया था और फिल्म रिलीज होने के बाद उनके खिलाफ छेड़खानी का एक मामला दर्ज कराया था। 

उन्होंने कहा, ‘‘एक आरोपी राम जगदाले ने सौदे में बिचौलिए का काम किया। यादव ने अपनी हरकतों के लिए माफी मांगने वाला एक वीडियो तैयार किया। आरोपी ने वीडियो सार्वजनिक नहीं करने के बदले में यादव से 15 लाख रुपये मांगे थे।'' हालांकि, एक अन्य महिला अदाकारा ने वीडियो को लीक कर दिया जिसके बाद यादव ने पुलिस से संपर्क किया और वसूली का एक मामला दर्ज कराया। 

उन्होंने कहा, ‘‘सारा श्रवण उर्फ सारा सोनवणे की अग्रिम जमानत याचिका पुणे अदालत में खारिज होने के बाद शनिवार को मुंबई में लोअर परेल से उन्हें गिरफ्तार किया गया।'' 
 

Pawan Insha