सरेंडर के बाद दो घंटे के अंदर कस्टडी से रिहा हुईं सपना चौधरी, कोर्ट ने इस शर्त पर वापस लिया गिरफ्तारी वारंट

9/20/2022 8:53:03 AM

मुंबई: मशहूर हरियाणवी डांसर और 'बिग बॉस' फेम सपना चौधरी  ने 19 सिंतबर 2022 सोमवार को धोखाधड़ी मामले में लखनऊ कोर्ट में सरेंडर कर दिया। इसके बाद उनको हिरासत में ले लिया गया। दो घंटे तक हिरासत में रहने के बाद सपना चौधरी को रिहा कर दिया। सपना का गिरफ्तारी वारंट इस शर्त पर खत्म किया कि भविष्य में वह सुनवाई में पेश होकर सहयोग करेंगी। इसके बाद सपना अदालत से बाहर चली गईं।

सपना ने सोमवार को दाखिल अर्जी में दावा किया कि मामले की सुनवाई पिछली 22 अगस्त को हुई थी लेकिन बीमारी की वजह से ना तो वह खुद और ना ही उनके वकील अदालत में हाजिर हो पाए थे तथा जो भी हुआ वैसा करने की मंशा नहीं थी लिहाजा गिरफ्तारी वारंट को वापस ले लिया जाए। अदालत ने इसके बाद वारंट वापस ले लिया और मामले की अगली सुनवाई की तारीख 30 सितंबर नियत की।

सपना 2018 में एक इवेंट में अडवांस लेकर परफॉर्म नहीं कर पाई थीं। इसी मामले में वह कानूनी पचड़े में फंस गई हैं। सपना पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया गया है। शो के आयोजकों ने कोर्ट में सपना के खिलाफ शिकायत की थी जिसके बाद सपना को लखनऊ की एसीजेएम कोर्ट में पेश होना था। सपना का यह प्रोग्राम 13 अक्टूबर 2018 को होना था। इस शो का एक टिकट 300 रुपये का था और इन्हें ऑनलाइन और ऑफलाइन बेचा गया था।

हजारों लोग इस इवेंट में पहुंचे थे लेकिन सपना नहीं आई। सपना चौधरी के नहीं आने पर भीड़ ने हुड़दंग मचाया हालांकि उनके टिकट के पैसे वापस नहीं हो सके। बताया जाता है कि शो के लिए सपना ने अडवांस में लाखों रुपये लिए थे लेकिन इवेंट में नहीं पहुंचीं।

यह पहली बार नहीं है जब सपना चौधरी पर धोखाधड़ी के आरोप लगे हैं। फरवरी 2021 में दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने भी सपना चौधरी के खिलाफ धोखधड़ी का केस दर्ज किया था। यह केस एक सिलेब्रिटी मैनेजमेंट कंपनी ने दर्ज कराया था जो पहले सपना का काम देखती थी। इस केस में सपना के अलावा  सपना की मां, भाई और कई अन्य लोगों के नाम भी सामने आए थे। इन सब पर भरोसा तोड़ने, आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और पैसों के गलत इस्तेमाल का आरोप लगा था।
 

Content Writer

Smita Sharma