'भाईजान' के पीछे हाथ धोकर पड़ा बिश्नोई गैंग! पनवेल फार्महाउस के पास होना था सलमान का कत्ल, प्लान B का हुआ भंडाफोड

9/15/2022 4:27:43 PM

 

बॉलीवुड तड़का टीम. सुपरस्टार सलमान खान पिछले 4 साल से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के निशाने पर हैं। यह गैंग कई बार भाईजान को मारने की कोशिश कर चुकी है। अब हाल ही में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पंजाब पुलिस ने खुलासा किया है कि लॉरेंस गैंग ने पिछले तीन महीने में सलमान पर हमले की दो और कोशिशें कीं। उन्होंने एक्टर को उनके फार्महाउस में मारने का प्लान बनाया था।


गुरुवार को पंजाब पुलिस ने बताया कि सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या से पहले लॉरेंस ने सलमान को मारने की साजिश रची थी। प्लान A के फेल होले के बाद गैंग ने प्लान B तैयार किया था। इस प्लान को गोल्डी बराड़ लीड कर रहा था। गोल्डी ने सलमान की हत्या करने के लिए कपिल पंडित (लॉरेंस गैंग का शार्प शूटर) को चुना था और यह तय हुआ था कि पनवेल फार्महाउस जाने के वक्त एक्टर पर जानलेवा हमला किया जाए।

 

दरअसल, पंजाब पुलिस ने शूटर कपिल पंडित को तीन दिन पहले गिरफ्तार किया था। उसी ने पूछताछ में सलमान की हत्या का खुलासा किया और पूरी साजिश के बारे में बताया। पुलिस ने आगे बताया कि पनवेल में सलमान खान का फार्महाउस है, इसलिए कपिल पंडित, सन्तोष जाधव, दीपक मुंडी और अन्य शूटर्स मुंबई के वाजे इलाके में पनवेल में एक किराए का कमरा लेकर रुकने आए थे। उन्होंने उस पूरे रास्ते की रेकी कर यह कमरा किराए पर लिया था। पुलिस ने यह भी बताया कि करीब डेढ़ महीने तक बिश्नोई गैंग के लोग इस कमरे में रुके हुए थे। 

 


लॉरेंस बिश्नोई के गैंग को यह तक पता था कि सलमान हिट एंड रन मामले में नाम सामने आने के बाद अपनी गाड़ी की स्पीड कम रखते हैं। उन्होंने यह भी पता लगाया कि सलमान जब भी अपने फार्महाउस आते हैं तो उनके साथ उनका गार्ड शेरा भी मौजूद होता है। 

 


बता दें कि लॉरेंस बिश्नोई सलमान खान की हत्या करके 1998 के काले हिरण के शिकार का बदला लेना चाहता है। लॉरेंस ने 2018 में जोधपुर कोर्ट में पेश किए जाने के दौरान सलमान को मारने की धमकी दी थी। इसके बाद सलमान सिर्फ दो बार ही जोधपुर में कोर्ट पेश हुए। वहीं हाल ही में सलमान के वकील और उनके पिता सलीम खान को भी धमकी भरा लेटर मिला था, जिसके बाद यह आशंका जताई गई कि ये लेटर लॉरेंस ने ही भेजे थे।


 

Content Writer

suman prajapati