सलमान को सता रही है जान की चिंता: अब बुलेटप्रूफ कार से सफर करेंगे भाईजान, मर्डर की धमकी के बाद साथ रहते हैं बंदूक वाले गार्ड्स

7/30/2022 1:25:11 PM

मुंबई: बाॅलीवुड के भाईजान यानि सलमान खान को बीते महीने जून में जान से मारने की धमकी मिली थी। सलमान को पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या के आरोपी गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस की जांच में पता चला है कि लॉरेंस ने सलमान खान की हत्या की सुपारी दी थी और एक शूटर उनकी हत्या के लिए मुंबई पहुंच भी गया था।

इस धमकी के बाद मुंबई पुलिस एक्शन में आ गई थी और उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। सलंमान खुद भी इस धमकी के बाद से काफी  सतर्क नजर आ रहे हैं।  कुछ दिनों पहले ही उन्होंने अपने लिए गन लाइसेंस के लिए अप्लाई किया था।

वहीं अब सलमान ने एक और बड़ा कदम उठाया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सलमान खान ने अपनी कार को बुलेटप्रूफ में अपग्रेड कर लिया है। वह अब व्हाइट कलर की लैंड क्रूजर से चलेंगे जिसमें बुलेटप्रूफ और आर्मर हैं। हालांकि ये लैंड क्रूजर का नया वर्जन नहीं है। हाल ही में सलमान खान को अपने घर के ड्राइव से आते हुआ देखा गया था।इससे पहले सलमान खान लैंड रोवर से सफर करते थे।

बताते चलें कि सलमान पर राजस्थान के जोधपुर में काले हिरण का शिकार करने का आरोप है। काले हिरण को राजस्थान का बिश्नोई समाज पवित्र मानता है। इसके बाद ही गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने बिश्नोई समाज के सम्मान के नाम पर सलमान खान को मारने की धमकी दी थी।

वर्क फ्रंट की बात करें तो सलमान फिल्म 'टाइगर 3' में कटरीना कैफ और इमरान हाशमी के साथ नजर आने वाले हैं। इसके अलावा सलमान अभी अपनी आने वाली फिल्म 'कभी ईद कभी दिवाली' की भी शूटिंग कर रहे हैं जिसमें उनके साथ पूजा हेगडे नजर आएंगी। 

Content Writer

Smita Sharma