सलमान खान के मेकअप आर्टिस्ट के साथ मारपीट: पैसों के मामले में बार के बाहर लोहे की रोड से की पिटाई, पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल

12/12/2023 2:50:33 PM

मुंबई: बी-टाउन से हाल ही में एक दुखद घटना सामने आई है। बाॅलीवुड एक्टर सलमान खान के के प्रोडक्शन हाउस में काम कर रहे एक मेकअप आर्टिस्ट ने आरोप लगाया कि मुंबई में एक बार के बाहर उसके साथ मारपीट की गई। पलेश्वर ने एक बार मैनेजर को कुछ रुपए उधार दिए थे लेकिन पैसे वापस मांगने पर उस मैनेजर ने उनकी पिटाई करवा दी। हालत गंभीर होने पर लोकल पुलिस की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया है, जिसके बाद आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई गई है।


रिपोर्ट के मुताबिक सलमान खान के प्रोडक्शन हाउस सलमान खान फिल्म्स के लिए काम करने वाले 32 साल के पलेश्वर चव्हाण बीती रात साढ़े 10 बजे सांताक्रूज के पुष्पक बार पहुंचे थे। उन्होंने बार मैनेजर सतीष शेट्टी को कुछ रुपए उधार दिए थे, जिसे वापस लेने वो बार पहुंचे। पहले तो बार मैनेजर ने करीब 2-3 घंटे तक उनसे इंतजार करवाया और फिर जवाब मांगने पर बार बंद होने का बहाना बनाया। देर रात करीब 1 बजे पलेश्वर और बार मैनेजर की बार के बाहर ही बहस हो गई। इस बीच मैनेजर ने अपने साथियों और एक वेटर को बुलाकर पलेश्वर की पिटाई कर दी। वो लोग अपने साथ कुछ लोहे की रॉड और ईंटें लेकर आए थे, जिससे पलेश्वर बुरी तरह जख्मी हो गए।

 

मारपीट के बाद हालत गंभीर होने पर पलेश्वर को लोकल पुलिस की मदद से निजी अस्पताल पहुंचाया गया था। पलेश्वर ने बार मैनेजर समेत सभी आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में पलेश्वर ने पुलिस को बताया है कि बार मैनेजर सतीष उनका दोस्त था। पहले भी उन्होंने सतीष को कुछ रुपए दिए थे, जो उसने पहले लौटा दिए। दूसरी बार उन्होंने भरोसा करके उसे 3 लाख उधार दिए, जो वो लौटा नहीं रहा है।

Content Writer

Smita Sharma