साई पल्लवी ने माता-पिता संग किए बाबा अमरनाथ के दर्शन, फैंस के साथ शेयर किया यात्रा का अनुभव

7/15/2023 3:33:38 PM

बॉलीवुड तड़का टीम. साउथ सिनेमा की जानी-मानी एक्ट्रेस साई पल्लवी इन दिनों अपनी फैमिली संग अमरनाथ यात्रा पर हैं। एक्ट्रेस ने मम्मी-पापा संग बाबा बर्फानी के दर्शन किए। अब हाल ही में उन्होंने अमरनाथ यात्रा से कई झलकियां शेयर की हैं और फैंस के साथ अपनी खूबसूरत जर्नी का अनुभव साझा किया है।

साई ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अमरनाथ यात्रा की तस्वीरें शेयर की हैं, जिसमें से पहली तस्वीर में उनके माता पिता नजर आ रहे हैं। वहीं, दूसरी और तीसरी फोटो में साई बाबा के दर्शन करने के बाद पोज देती दिख रही हैं।

 

फोटोज के साथ एक्ट्रेस ने कैप्शन में लिखा- "अमरनाथ यात्रा, मैं उनमें से हूं, जो अपने निजी विचार किसी के साथ शेयर नहीं करती हूं, लेकिन मैं इस तीर्थयात्रा के बारे में लिखना चाहती हूं, जिसे मैं लंबे समय से करना चाहती थी। अपने 60 साल के माता-पिता को इस यात्रा में लाना इमोशनल रूप से एक टेस्ट करने जैसा है, जिसे कोई समझा नहीं सकता है। उन्हें हांफते हुए और अपनी छाती पकड़कर, बर्फ के बीच फिसलन भरे रास्तों पर ब्रेक लेते हुए देखकर मैंने सर्वशक्तिमान भगवान से सवाल किया, आप इतनी दूर क्यों हैं?"

 

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

A post shared by Sai Pallavi (@saipallavi.senthamarai)

उन्होंने आगे लिखा- "और जब दर्शन करके वापस आई तो मुझे जवाब मिल गया। जैसे ही मैं पहाड़ी से नीचे गई, मैंने कुछ आश्चर्यजनक देखा। जब लोगों ने देखा कि कुछ यात्री हार मानने की कगार पर हैं, तो वे एक लंबी सांस लेते हैं और 'ओम नमः शिवाय' का जाप करते हैं तो वे लोग भी जाप करने लगते हैं और खुद को ऊपर ले जाते हैं। ऐसा जारी रहता है। पवित्र गुफा में भोले नाथ की पूजा करने की इच्छा पूरी करने के लिए घोड़े और गांव वाले यात्रियों को उठाकर ले जाते हैं।"

 

 

 

साई यहीं नहीं रुकीं, उन्होंने आगे लिखा-"हम जैसे लाखों श्रद्धालुओं के लिए इस यात्रा को यादगार बनाने वाले श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड के सभी लोगों को मेरा प्रणाम! निस्वार्थ सेवा, बलिदान और कर्तव्य की भावना से हर समय हमारी रक्षा करने के लिए सेना, सीआरपीएफ, पुलिस को धन्यवाद। यह जगह बहुत शक्तिशाली है, क्योंकि यह निस्वार्थ सेवा की गवाह है। हमारी संपत्ति, सुंदरता और शक्ति के बावजूद, यह एक स्वस्थ शरीर, मजबूत दिमाग और एक दिल है, जो दूसरों की मदद करता है, जो पृथ्वी पर हमारी यात्रा को जीने लायक बनाता है।"

 

अंत में साई पल्लवी ने लिखा- अमरनाथ यात्रा ने मेरी इच्छा शक्ति को चुनौती दी, मेरे शरीर को टेस्ट किया और मुझे साबित कर दिया कि यह जीवन खुद में एक तीर्थयात्रा है और अगर हम एक-दूसरे के लिए नहीं हैं, तो हम एक मृत जाति हैं।"

 

एक्ट्रेस के इस पोस्ट को फैंस द्वारा खूब पसंद किया जा रहा है। उनकी इन तस्वीरों को अब तक 5 लाख से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं।

Content Writer

suman prajapati