बिका 70 साल पुराना आरके स्टूडियो, अब गोदरेज कंपनी करेगी ये काम

5/3/2019 4:41:29 PM

मुंबई: बॉलीवुड एक्टर राज कपूर ने 70 साल पहले आरके स्टूडियो बनवाया था। इसके लिए उन्हें कर्ज तक लेना पड़ा गया था। अब आरके स्टूडियो को रियलिटी कंपनी गोदरेज प्रॉपर्टीज ने खरीदने की घोषणा की है। ये कंपनी इस जमीन पर लग्जरी फ्लैट बनाएगी। हालांकि कंपनी ने इस सौदे की राशि की जानकारी नहीं दी। कंपनी का कहना है कि ‘2.20 एकड़ में फैली इस परियोजना से करीब 33 हजार वर्गमीटर बेचने योग्य क्षेत्र मिलेगा, जिसमें आधुनिक लग्जरी अपार्टमेंट तथा लग्जरी खुदरा क्षेत्र शामिल होंगे।’ 

 


इसे लेकर रणधीर कपूर का कहना है कि, ‘चेंबूर में स्थित यह संपत्ति मेरे परिवार के लिए बेहद महत्वपूर्ण रही है, क्योंकि यहां से कई दशक तक आरके स्टूडियो का परिचालन हुआ है। हमने इस संपत्ति की नई कहानी लिखने के लिए गोदरेज को चुना है।’

 


बता दें कि 70 साल पुराने ऐतिहासिक आरके स्टूडियो को कपूर फैमिली ने मिलकर बेचने का फैसला लिया। लंबे समय से स्टूडियो में ज्यादा काम नहीं हो रहा था। साथ ही पिछले साल 16 सितंबर को इस स्टूडियो में भयंकर आग लग गई थी। इसके बाद से तो स्टूडियो को फिल्म मेकर्स ने लेना बंद कर दिया। इस स्टूडियो को आजादी के ठीक एक साल बाद 1948 में शुरू किया था। यह स्टूडियो मुंबई के चेंबूर में स्थित है और यहां बीते समय में कई फिल्मों का निर्माण किया गया है।

 

 

बता दें, आरके फिल्म्स ने बॉलीवुड को 'बरसात', 'अवारा', 'बूट पॉलिश', 'श्री 420' और 'जागते रहो' जैसी शानदार फिल्में दी हैं। इस स्टूडियो में 'जिस देश में गंगा बहती है', 'मेरा नाम जोकर', ऋषि कपूर और डिंपल कपाडिया की पहली फिल्म 'बॉबी', 'सत्यम शिवम सुंदरम', 'प्रेम रोग', 'राम तेरी गंगा मैली' जैसी कई फिल्में बनाई गईं।

 

 

Konika