सुशांत के सुसाइड के बाद रिया को मिला था ''चुड़ैल'' का टैग,3 साल बाद खुलासा करते हुए बोलीं- ''शायद वहीं हूं,काला जादू जानती हूं''

10/6/2023 4:15:49 PM

मुंबई: साल 2020 में एक्टर सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती लोगों के निशाने पर आ गईं थीं। रिया को पूरे विवाद में 'बलि का बकरा' बनाया गया था, जिसके चलते एक्ट्रेस को काफी नफरत और ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। लोगों ने रिया को एसएसआर की मौत के पीछे का कारण मान लिया था।  इतना ही नहीं कुछ लोगों ने तो उन्हें चुड़ैल का टैग दे दिया था। वहीं अब सुशांत के निधन के तीन साल बाद इन सभी टैग्स को लेकर खुलकर बात की।  

उन्होंने सुशांत की मौत की जांच के दौरान उन्हें 'चुड़ैल' कहने वालों व उनसे नफरत करने वालों पर पलटवार किया। एक इवेंट के दौरान एक्ट्रेस ने अपने नए वर्जन रिया 2.0 के बारे में बात की। उन्होंने यह भी साझा किया कि उन्हें 'चुड़ैल' नाम पसंद है, जो लोगों ने उन्हें सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद दिया था और इसके पीछे का कारण भी बताया। 

रिया ने कहा- 'मुझे चुडैल नाम पसंद है। मुझे लगता है यह दिलचस्प है। पुराने जमाने में डायन कौन होती थी? डायन वह महिला होती थी, जो पितृसत्तात्मक समाज  की मेंबरशिप नहीं लेती थी या उसका अपना तरीका, अपनी राय होती थी जो उस समय पुरुषों की लोकप्रिय ओपिनियन और पितृसत्ता के खिलाफ थी। उसकी अपनी राय और अपने विचार थे। शायद मैं वही इंसान हूं, शायद मैं चुडैल हूं, शायद मैं काला जादू करना जानती हूं।'

बताते चलें कि सुशांत सिंह राजपूत और रिया चक्रवर्ती एक दूसरे को डेट कर रहे थे। सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद रिया चक्रवर्ती पर लोगों ने कई सारे सवाल खड़े किए थे। लोगों ने उनपर आरोप लगाया था कि वो सुशांत पर काला जादू करती हैं।

वहीं रिया चक्रवर्ती पर ये भी आरोप लगा था कि वो सुशांत सिंह राजपूत को ड्रग्स देती थीं। सुशांत की फैमिली ने रिया चक्रवर्ती के खिलाफ कथित आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज करवाया था। इसके बाद रिया से पूछताछ हुई थी। एक्ट्रेस को जेल भी जाना पड़ा था। हालांकि, तमाम जांच के बाद भी अब तक सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या का असली कारण सामने नहीं आ पाया है। 


 

Content Writer

Smita Sharma