पहली बार मीडिया के सामने आई रिया चक्रवर्ती, अपने ऊपर लगे आरोपों को बताया बेबुनियाद

8/27/2020 11:21:26 AM

मुंबई: बाॅलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत केस में मुख्य आरोपी रिया चक्रवर्ती ने पहली बार इस पर अपनी चुप्पी तोड़ी। रिया ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को गलत बताया। रिया ने एक न्‍यूज चैनल को इंटरव्‍यू में उस यूरोप ट्रिप के बारे में भी खुलासा किया है, जिसके बार में कहा जा रहा है कि उसके बाद ही सुशांत बदल गए थे। रिया ने कहा कि वह सुशांत के पैसों पर नहीं जी रही थीं और दोनों एक कपल की तरह रह रहे थे। न्‍यूज चैनल 'आजतक' को दिए इंटरव्‍यू में रिया ने कहा- 'यूरोप के ट्रिप पर जब हम जा रहे थे, तब सुशांत ने बताया था कि उन्‍हें फ्लाइट में बैठने से डर लगता है। इसके लिए वो एक दवाई लेते थे, जिसका नाम मोडाफिनिल है। फ्लाइट से पहले भी उन्‍होंने वो दवाई ली, क्योंकि वह दवाई हर वक्त सुशांत के पास रहती थी।'

 

रिया ने आगे कहा- 'पेरिस में मेरा एक शूट होना था। इसके लिए इवेंट ऑर्गेनाइज करने वाली कंपनी की तरफ से फ्लाइट के टिकट्स और होटल की बुकिंग हो चुकी थी। लेकिन यह सुशांत का आइडिया था कि इसी बहाने यूरोप का ट्रिप करते हैं। सुशांत ने इसके बाद मेरे टिकट्स कैंसल करवा दिए और खुद के पैसों से फर्स्‍ट क्‍लास की टिकट बुकिंग की। मैंने उसे टोका भी कि तुम बहुत पैसे खर्च कर रहे हो, क्‍योंकि ट्रिप बहुत लंबा है। हम पेरिस में लैंड हुए।

 

तीन दिन तक सुशांत कमरे से बाहर नहीं निकला। जाने से पहले वो काफी खुश थे लेकिन पेरिस पहुंचने के बाद वो कमरे से नहीं निकले। स्विट्जरलैंड पहुंचने पर वह खुश थे, जब हम इटली पहुंचे तो हमारे होटल के कमरे में एक अलग तरह का स्ट्रक्चर था। सुशांत ने कहा यहां कुछ है, लेकिन मैंने कहा एक बुरा सपना हो सकता है। उसी के बाद सुशांत की हालत बदली और वो कमरे से नहीं निकलना चाहते थे।'

रिया ने अपने इंटरव्यू में बताया कि 2013 में सुशांत के साथ कुछ हुआ था, तब उनके साथ डिप्रेशन जैसी चीजें शुरू हुई थीं। उस दौरान वो डाॅक्टर्स से भी मिले थे, जिनका नाम हरेश शेट्टी है। उन्होंने ही सुशांत को दवाई के बारे में बताया था। रिया के मुताबिक, जब उन्‍होंने सुशांत से पूछा था कि क्या हो रहा है, तब सुशांत ने उन्हें 2013 के बाद की बातें बताईं। लेकिन तब उन्हें डिप्रेशन भी फील होने लगा था। इसी वजह से यूरोप की ट्रिप का वक्त कम कर दिया गया था।

 

भाई शोविक और सुशांत के रिश्ते पर कही ये बातें 


यूरोप ट्रिप पर शौविक को साथ ले जाने के सवाल पर रिया ने कहा- 'शौविक-सुशांत में बॉन्डिंग थी। हम तीनों ने साथ में एक कंपनी बनाई थी, जिसका नाम रियेलिटिक्स था। यह सुशांत का ड्रीम प्रोजेक्ट था। इसमें मैं, मेरा भाई और सुशांत तीनों पार्टनर थे। इसके लिए तीनों को 33000-33000 रुपये देने थे। मेरे भाई के पैसे मैंने अपने खाते से दिए थे।


इस दौरान रिया से पूछा गया कि सुशांत की फैमिली का आरोप है कि आप उनके पैसे खर्च कर रही थीं, इस पर रिया ने कहा- 'मैं सुशांत के पैसों पर नहीं जी रही थी। हम एक कपल की तरह रह रहे थे। सुशांत का लाइफस्‍टाइल बहुत खर्चीला था। मैं इससे बहुत चिंता में रहती थी।' रिया ने बताया कि सुशांत ने कुछ समय पहले अपने लड़के दोस्‍तों के साथ भी एक ट्र‍िप की था। वो लोग थाईलैंड गए थे। वहां सुशांत ने 70 लाख रुपये खर्च क‍िए। चार्टर्ड प्‍लेन बुक क‍िया था। वह इस तरह की लाइफ जीते था वो किंग साइज लाइफ जीना पसंद करते थे।' 

बता दें कि सुशांत केस में रिया चक्रवर्ती को लेकर कई तरह के खुलासे हुए हैं। हाल ही खुलासा हुआ की सुशांत के घर से निकलने के बाद रिया ने आईटी प्रोफेशनल से 8 हार्ड डिस्क का डाटा डिलीट करवाया था। वहीं अब सीबीआई उस आईटी प्रोफेशन का पता लगाएगी जिसने ये इन आठ हार्ड डिस्क का डाटा नष्ट किया। सीबीआई उससे ये जानने की कोशिश करेगी कि आखिर इनके अंदर क्या था। इसके अलावा ईडी और सीबीआई रिया समेत 5 लोगों पर एनसीबी ने केस दर्ज किया है।  

Smita Sharma