रिया चक्रवर्ती के भाई को मिली बड़ी राहत, हाईकोर्ट ने दी विदेश जाने की अनुमति

9/17/2023 5:41:45 PM

बॉलीवुड तड़का टीम. एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद उनकी कथित गर्लफ्रेंड एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती खूब विवादों में आई थीं। ड्रग्स केस में नाम सामने आने के बाद उन्हें जेल की हवा भी खानी पड़ी थी। रिया के साथ ही उनके भाई शोविक की मुश्किलें भी बढ़ गई थीं। बहन की तरह ही ड्रग्स मामले में नाम सामने आने के बाद एनसीबी ने शोविक के विदेश जाने और पासपोर्ट इस्तेमाल करने पर रोक लगा दी थी, लेकिन अब बॉम्बे हाईकोर्ट ने उन्हें राहत दे दी है।

 

दरअसल,सुशांत सिंह राजपूत के ड्रग मामले में शोविक का नाम सामने आने के बाद नारकोटिक्स डिपार्टमेंट द्वारा उन्हें आरोपी ठहराया गया था, जिसके बाद शोविक को विदेश जाने और पासपोर्ट इस्तेमाल की इजाजत नहीं थी। हालांकि, शोविक को 17 सितंबर से 25 सितंबर 2023 यानी 7 दिनों के लिए ऑस्ट्रेलिया जाना है, जिसको लेकर हाल ही में कोर्ट उन्हें विदेश जाने की इजाजत दे दी है।

 

लेकिन कोर्ट के मुताबिक, शोविक को अपनी विदेश यात्रा की सभी जानकारी शेयर करनी होगी। उन्हें वहां का पता, मोबाइल नंबर और इस दौरान जिनके भी संपर्क में होंगे उसकी जानकारी भी देनी होगी। इसके साथ ही उन्हें अपने माता पिता के पासपोर्ट को न्यायालय के रजिस्ट्रार में जमा करवाना होगा।

 


बता दें, सुशांत सिंह राजपूत जून, 2020 में अपने बांद्रा वाले अपार्टमेंट में मृत पाए गए थे। उनके निधन के बाद रिया चक्रवर्ती और उनके परिवार की मुश्किलें बढ़ गई थीं। सुशांत के पिता ने एक्ट्रेस पर उनके बेटे को आत्महत्या के लिए उकसाने और मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज करवाया था। वहीं, मामले में रिया के भाई शोविक का नाम सामने आने के बाद एनसीबी ने सितंबर 2020 में उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि, बाद में दोनों भाई बहन रिहा हो गए थे।

Content Writer

suman prajapati