बोल्ड फोटोशूट मामले में मुंबई पुलिस ने रणवीर सिंह को थमाया नोटिस, 22 अगस्त को पेश होंगे एक्टर

8/13/2022 8:02:30 AM

मुंबई: बाॅलीवुड एक्टर रणवीर सिंह अपने न्यूड फोटोशूट के बाद से ही लगातार मुश्किलों में फंसते जा रहे हैं। फेमस मैगजीन के लिए करवाए गए फोटोशूट की वजह से रणवीर सिंह को ना केवल आलोचनाएं झेलनी पड़ी बल्कि उनके खिलाफ एफआईआर तक दर्ज हो चुकी है। रणवीर सिंह पर महिलाओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगा। वहीं अब इस मामले में एक नया अपडेट आया है।

खबरों के मुताबिक इस मामले में अपना बयान दर्ज करने के लिए रणवीर सिंह के खिलाफ नोटिस जारी किया है। मामले में सामने आई जानकारी के मुताबिक रणवीर सिंह को मामले में 22 अगस्त को तलब किया गया है। न्यूज एसेंजी के मुताबिक फोटोशूट मामले में चेंबुर पुलिस रणवीर सिंह के घर उन्हें नोटिस देने के लिए गई थी लेकिन वह एक्टर को नोटिस नहीं दे सकी क्योंकि वह अभी मुंबई में मौजूद नहीं हैं।

एक्टर को 16 अगस्त तक यह नोटिस सौंपना है लेकिन एक्टर मुंबई से बाहर गए हुए हैं। ऐसे में घर पर न होने की वजह से पुलिस को खाली हाथ वापस लौटना पड़ा। नोटिस में लिखा है-रणवीर सिंह को 22 अगस्त को चेंबुर पुलिस में पेशी देनी होगी।


गौरतलब है कि एक्टर ने बीते महीने में एक मैगजीन के लिए न्यूड फोटोशूट कराया था। सामने आई इन तस्वीरों में रणवीर फुल कॉन्फिडेंस के साथ अपनी मस्क्यूलर बॉडी को फ्लॉन्ट करते दिख रहे हैं। उनकी इस फोटोज के सामने आने के बाद से वह विवादों में घिर गए थे। रणवीर के खिलाफ IPC की धारा 509, 292, 294, आईटी एक्ट के सेक्शन 67A के तहत केस दर्ज हुआ है।

वर्कफ्रंट की बात करें तो रणवीर हाल ही में नेटफ्लिक्स के इंटरेक्टिव स्पेशल रणवीर वर्सेज वाइल्ड में बेयर ग्रिल्स के साथ नजर आए थे। अपकमिंग प्रोजैक्ट की बात करें तो वह आलिया भट्ट, धर्मेंद्र, शबाना आजमी और जया बच्चन के साथ फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी में नजर आएंगे।  इसके अलावा वह रोहित शेट्टी की फिल्म सर्कस में दिखेंगे। 

Content Writer

Smita Sharma