फिल्म ‘गुंडे’ में चोरी की बाइक इस्तेमाल कर बुरे फंसे रणवीर सिंह और अर्जुन कपूर

4/11/2018 3:01:57 PM

मुंबई: बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह और अर्जुन कपूर की मुश्किलें काफी बढ़ती हुई नजर आ रही हैं। बताया जा रहा है कि फिल्म "गुंडे" में रणवीर और अर्जुन ने चोरी मॉडिफाई कर बनाए गए बाइक को इस्तेमाल किया था जिसकी वजह से मुंबई क्राइम ब्रांच दोनों से पूछताछ कर सकती है। खबरों के मुताबिक इस बारे में क्राइम ब्रांच पूरी जांच कर रही हैँ। 

खबरों के मुताबिक रणवीर स‍िंह की फिल्म ‘गुंडे’ में उनकी बाइक को मॉडिफाई करके नया लुक देने वाले लोग शात‍िर बाइक चोर न‍िकले। दरअसल, बाइक मॉडीफाई करने वाले यह लोग बाइक चुराने के बाद उसे ऐसा मॉडीफाई करते थे कि उसे पहचानना ही मुश्‍किल हो जाता था।फ‍िर अच्‍छे दामों पर बाइक बेच द‍िया करते थे। इस शात‍िर ग‍िरोह के चार बदमाशों को मुंबई पुल‍िस ने धर दबोचा है। पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों के नाम आरीफ खान, आसिफ खान, साहिल गांजा और मिलिंद सावंत हैं। इस शातिर गिरोह ने एक साल में से मुंबई और आसपास के विभिन्न इलाकों से करीब 100 बाइक चोरी कर उसे मॉडिफाई किया था। आसिफ ने बताया कि उसने अर्जुन कपूर की फिल्म ‘गुंडे’ में भी एक बाइक मॉडिफाई करके शूटिंग के लिए दी थी। पुलिस को इस गिरोह के पास से अभी तक 50 बाइक मिली हैं। गिरफ्तार आरोपियों में से एक आसिफ को ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री का काफी ज्ञान है। इस वजह से चोरी कर लाई गईं बाइक को वह स्वयं मॉडिफाई कर उसे 25 से 30 हजार में बेच देता था। इस गिरोह के खिलाफ विभिन्न पुलिस स्टेशनों में दर्जनों मामले दर्ज हैं, जिसकी जांच में पुलिस जुटी है। 

Punjab Kesari