''इंडियन आइडल 12'' में दिवंगत भाईयों को याद कर भावुक रणधीर कपूर, बोले- वे जहां भी हो खुश हो
8/1/2021 4:15:17 PM
मुंबई. शो 'इंडियन आइडल 12' में अक्सर स्टार्स को गेस्ट के तौर पर बुलाया जाता है। हाल ही में वेकेंड एपिसोड में एक्टर रणधीर कपूर शो में गेस्ट के तौर पर पहुंचे। इस एपिसोड में इंडियन आइडल के कंटेस्टेंट्स ने कपूर परिवार के सुपरहिट गाने गाए। इसी बीच रणधीर अपने गुजर चुके दोनों छोटे भाइयों ऋषि कपूर और राजीव कपूर को याद कर भावुक हो गए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो में सिंगर पवनदीप रंजन राज कपूर की फिल्म 'मेरा नाम जोकर' का गाना 'जीना यहां मरना यहां' गाते नजर आ रहे हैं। पवन गाना गा रहे थे और बैकग्राउंड में रणधीर के साथ उनके पिता राज कपूर और भाइयों ऋषि और राजीव की तस्वीरें दिखाई दे रही थीं। इन तस्वीरों को देखकर रणधीर भावुक हो गए। इमोशनल होते हुए रणधीर बोले- 'इससे मेरी यादें ताजा हो गईं और इन तस्वीरों ने मुझे मेरे भाइयों की याद दिला दी, जो हाल ही में हमें छोड़कर चले गए हैं। वे जहां भी हैं, मुझे आशा है कि वे सभी खुश और सुरक्षित हैं। थैंक्यू पवन, यह ट्रिब्यूट देने के लिए।' फैंस इस वीडियो को खूब लाइक कर रहे हैं।
बता दें 30 अप्रैल 2020 को कैंसर के कारण ऋषि का निधन हो गया था। इसके कुछ महीने बाद ही फरवरी 2021 में राजीव कपूर का कार्डिएक अरेस्ट से निधन हो गया था। पिछले दिनों रणधीर की तबीयत भी ठीक नहीं थी। कोरोना पॉजिटिव होने के बाद एक्टर कई दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहे थे।