बाढ़ के संकट के बीच रणदीप हुड्डा ने बढ़ाया मदद का हाथ, गर्लफ्रेंड के साथ हरियाणा में पीड़ितों को बांटे खाने के पैकेट

7/19/2023 10:54:38 AM

बॉलीवुड तड़का टीम. मानसून में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ ने देश के हाल बेहाल कर रखे हैं। बाढ़ के कारण कई लोगों को अपने घर छोड़ने पड़े हैं तो कई एक वक्त के खाने के लिए भी मोहताज हो गए हैं। ऐसे मुश्किल समय में सरकार लोगों को हर संभव तरीके से मदद पहुंचाने की कोशिश कर रही हैं। वहीं, बॉलीवुड स्टार्स भी संकट की घड़ी में पीड़ितों की मदद के लिए आगे आ रहे हैं। इसी बीच फिल्म इंडस्ट्री के जाने माने एक्टर रणदीप हुड्डा ने हरियाणा में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाया है।

 

बाढ़ के कारण हरियाणा में प्रभावित हुए लोगों को रणदीप हुड्डा ने खाने के पैकेट वितरित किए हैं। एक्टर के इस नेक काम की तस्वीरें और वीडियो खालसा एड ने शेयर किए हैं, जिसमें रणदीप सिर पर भगवा कपड़ा पहने जरूरतमंदों को खाना पकाने का तेल बांटते नजर रहे हैं। इस दौरान उनकी गर्लफ्रेंड लिन लैशराम भी इस नेक काम में अपना योगदान देती नजर आ रही हैं। खाने का सामान बांटने के लिए जलभराव वाले क्षेत्रों से गुजरते हुए एक नाव में देखा गया।    

 

बता दें, ये पहली बार नहीं है जब रणदीप हुड्डा ने यूं पीड़ितों के लिए मदद का हाथ आगे बढ़ाया है, इससे पहले भी एक्टर खालसा एड के साथ साल 2018 में बाढ़ से तबाह हो चुके केरल के राहत कार्य में शामिल हुए थे। इतना ही नहीं, उन्होंने महाराष्ट्र के सूखा प्रभावित क्षेत्रों में पीने का पानी भी उपलब्ध कराया है। 


वहीं, काम की बात करें तो रणदीप हुड्डा ने हाल ही में फिल्म 'स्वतंत्र वीर सावरकर' की शूटिंग खत्म की है। यह फिल्म वीर सावरकर के नाम से मशहूर स्वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर की बायोपिक है।

Content Writer

suman prajapati