पहला बयान: बेहद खराब थी राजू श्रीवास्तव की हालत,दर्द बयां कर बेटी अंतरा बोलीं-''पापा हॉस्पिटल में एक शब्द तक नहीं बोले थे''

9/25/2022 10:08:23 AM

मुंबई: 21 सितंबर की सुबह एक ऐसी खबर सुनने को मिली जिसने हर किसी का दिल तोड़ दिया। खबर थी कि काॅमेडियन राजू श्रीवास्तव का निधन हो गया। दुनिया भर को हंसाने वाले राजू श्रीवास्तव हमेशा के लिए शांत हो गया। 41 दिन तक हॉस्पिटल में जिंदगी और मौत से लड़ने के बाद कॉमेडियन ने 21 सितंबर को आखिरी सांस ली। 

उनके निधन से पूरा देश गमगीन है लेकिन अगर सबसे ज्यादा असर किसी पर पड़ा है तो वह उनका परिवार है। लाख मन्नतें मांगने..पूजा करने के बाद भी शिखा अपने पति को और अंतरा अपने पिता को बचा नहीं पाई। 22 सितंबर को जहां राजू का अंतिम संस्कार दिल्ली में हुआ था। वहीं 25 सितंबर  मुंबई में उनकी प्रेयर मीट रखी गई है। इसी बीच अब कॉमेडियन के गुजरने के बाद उनकी बेटी अंतरा ने हॉस्पिटल में बीते राजू के दिनों के बारे में खुलासा किया। 

अंतरा ने पिता के निधन के बाद पहली बार एक मीडिया पोर्टल से बात की और बताया कि वह मुंबई जा रही हैं। अंतरा बोलीं- 'मैं आज रात मम्मी के साथ मुंबई के लिए निकल रही हूं। मां की हालत ठीक नहीं है और यह हमारे लिए बहुत कठिन समय है। मुंबई में प्रार्थना सभा में शामिल होने के बाद हम दिल्ली वापस आएंगे। बहुत सारी रस्में चल रही हैं। कानपुर पापा का घर था इसलिए हमें वहां भी पूजा करनी है।'

अपनी बात को खत्म करते हुए अंतरा ने हॉस्पिटल के दिनों को याद करते हुए कहा-'पापा हॉस्पिटल में कुछ नहीं बोलते थे।'

राजू श्रीवास्तव को अगस्त में जिम में वर्कआउट करते हुए बेहोश हो गए थे जिसके बाद उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था। हॉस्पिटल में भर्ती कराए जाने के बाद राजू को वेंटिलेटर पर रखा गया था। बीच में कहा जा रहा था कि राजू की तबीयत में सुधार है और वह होश में आ गए हैं। बुधवार 21 सितंबर को सुबह 10 बजकर 20 मिनट पर राजू का निधन हो गया था।

Content Writer

Smita Sharma