आमिर खान के बाद अब आर माधवन हुए कोरोना संक्रमित, फनी पोस्ट शेयर कर बोले- वायरस ने ‘रैंचो’ के बाद ‘फरहान’ को पकड़ लिया

3/25/2021 3:11:10 PM

मुंबई. बॉलीवुड में एक के बाद एक स्टार का कोरोना पॉजिटिव होना उनके फैंस के लिए काफी चिंताजनक है। आमिर खान और रोहित सराफ के बाद अब एक्टर आर. माधवन की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई है। इस बात की जानकारी एक्टर ने खुद सोशल मीडिया के जरिए फैंस को दी है। उन्होंने बड़े ही मजेदार अंदाज में कोरोना संक्रमित होने की जानकारी लोगों को दी है।


आर. माधवन ने अपने ट्विटर पर 3 इडियट्स का पोस्टर शेयर किया है। जिसमें वो आमिर खान के साथ वे बैठे नजर आ रहे हैं। उन्होंने लिखा-  ‘फरहान को रैंचो को फॉलो करना है और ‘वायरस’ हमेशा हमारे पीछे रहा है लेकिन इस बार इस वायरस ने हमें पकड़ लिया। लेकिन सब ठीक है...और जल्द ही ये कोविड भी कुंए में चला जाएगा। हालांकि बस यही एक जगह है जहां हम नहीं चाहते कि राजू भी आए। आप सभी के प्यार के लिए शुक्रिया। मैं ठीक से अपना ख्याल रख रहा हूं’।


बता दें, 3 इडियट्स में माधवन आमिर खान के साथ नजर आए थे। इस फिल्म में उन्होंने फरहान का किरदार निभाया था और आमिर रैंचो के रोल में नजर आए थे। वहीं शरमन जोशी राजू के किरदार में थे। इस फिल्म को राजकुमार हिरानी ने डायरेक्ट किया था और ये फिल्म काफी सुपरहिट साबित हुई थी।

  

Content Writer

suman prajapati