PAK पर तालिबान की मदद करने के आरोप लगाते हुए एक्टर कैस खान बोले-''बच्चों के साथ दुष्कर्म, लाखों लोग बेघर करना अल्लाह के लिए जिहाद नहीं''

8/18/2021 8:07:40 AM

मुंबई: तालिबान कब्जे के बाद अफगानिस्तान में हालात बद से बदतर हो चले हैं। अफगानिस्तान में  तालि‍बान ने एक बार फिर आतंक मचा रखा है जिसकी वजह से वहां रह रहे लोगों को कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सैकड़ों महिलाओं और बच्चों का अपहरण कर लिया गया है. पूरी दुनिया तालिबान के इस नरसंहार और अत्याचार को देख रही है।

ये पूरा मामला पूरी दुनिया में हाइलाइट हो चुका है और लोग इससे खौफ में भी आ गए हैं। हर कोई तालिबान के इस रवैये पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहा है। हाल ही में अफगान में जन्में बेल बॉटम फिल्म के एक्टर कैस खान ने अपनी जन्मभूमि के बिगड़ते हालात के बारे में बात की।

कैस खान का कहना है कि उनके जन्म के बाद तालिबान ने अफगानिस्तान पर कब्जा कर लिया था, जिसकी वजह से उनके परिवार को अफगानिस्तान से भागना पड़ा। एक वेबसाइट को दिए इंटरव्यू में कैस खान ने कहा-'तालीबान अपने पुराने अवतार में फिर से लौट आया है। तालीबानी लोगों ने अफगानियों पर अत्याचार करना शुरू कर दिया है। बच्चों को किडनैप किया जा रहा है और उनके साथ दुष्कर्म किया जा रहा है। अनगिनत परिवारों को बेघर कर दिया गया है। यह केवल सत्ता का खेल है, यह हमेशा रहा है। यह अल्लाह के लिए कोई जिहाद नहीं है। दुनिया को यह समझने की जरूरत है कि पाकिस्तान अफगानिस्तान पर कब्जा करने के लिए इन बर्बर लोगों को आर्थिक मदद कर रहा है।'

बता दें कि पिछले कुछ समय से कई सारे अफगानी आर्टिस्ट और जानी-मानी हस्तियां अपने मुल्क के बिगड़ते हालात से परेशान हैं और लोगों से मदद की गुजारिश कर रहे हैं। इससे पहले फिल्ममेकर सारा करीमी ने भी एक बड़ा सा लेख लिखा था और इंसानियत के नाते लोगों से अपील की थी कि वे इस मुश्किल समय में चुप ना रहें और अफगानियों के सपोर्ट में आएं।

कैस खान की बात करें तो वे अपने अब तक के जीवन में कई सारे देशों में रह चुके हैं। मौजूदा समय में वे बेल्जियम में रह रहे हैं। एक्टर का लगाव अफगानिस्तान  उनकी पैदाइश है। कैस खान हिंदी, इंग्लिश, उर्दू, फारसी, फ्रेंच समेत कई भाषाएं जानते हैं। उन्होंने एप्पल टीवी पर आने वाले टीवी शो ‘तेहरान’ से पॉपुलैरिटी हासिल की थी। अब वह जल्द ही अक्षय कुमार के साथ बेलबाॅटम में नजर आएंगे। 

Content Writer

Smita Sharma