पंजाब चुनाव के बीच पोलिंग बूथ से पुलिस ने जब्त की सोनू सूद की जब्त कार, एक्टर ने दी सफाई- हमें पता चला कुछ बूथों पर पैसे बांटे जा रहे हैं, इसलिए...

2/20/2022 3:35:33 PM

बॉलीवुड तड़का टीम. रविवार को पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। राज्य की सभी 117 सीटों पर सुबह 8 बजे से वोटिंग हो रही है। एक्टर सोनू सूद की बहन मालविका सूद भी कांग्रेस की तरफ से चुनाव लड़ रही हैं। इसी बीच मोगा पुलिस ने मतदान केंद्र पर सोनू सूद  की गाड़ी जब्त कर ली है। एक्टर पर पोलिंग बूथों में जाने का आरोप है। अकाली दल की शिकायत पर चुनाव आयोग ने निर्देश दिए जिसके बाद मोगा पुलिस ने एक्शन लिया है। 

 

अकाली दल ने सोनू सूद की अपने बूथ के अलावा दूसरे बूथों में जाने की शिकायत की थी। शिकायत के बाद चुनाव आयोग ने सोनू के खिलाफ कार्रवाई की। सोनू सूद को दूसरी गाड़ी से रवाना होना पड़ा। पुलिस ने कहा कि चुनाव पर्यवेक्षक के निर्देश पर वाहन को जब्त कर लिया गया है। साथ ही एसडीएम सह रिटर्निंग अधिकारी सतवंत सिंह ने सोनू सूद के घर की वीडियो सर्विलांस करने के भी निर्देश दिए।

 

मोगा जिले के पीआरओ ने बताया, 'सोनू सूद एक पोलिंग बूथ में घुसने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान उनकी कार जब्त कर ली गई और उन्हें घर भेज दिया गया। अगर वे घर से बाहर निकले तो उन पर ऐक्शन होगा।'

 

 

वहीं, इस मामले पर सोनू सूद ने सफाई देते हुए कहा, "हमें विपक्ष, खासकर अकाली दल के लोगों द्वारा विभिन्न बूथों से धमकी भरे कॉलों के बारे में पता चला। कुछ बूथों पर पैसे बांटे जा रहे हैं। इसलिए यह हमारा कर्तव्य है कि हम जांच करें और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करें। इसलिए हम बाहर गए थे। अब, हम घर पर हैं। निष्पक्ष चुनाव हों।"

 

गौरतलब है कि सोनू सूद की बहन मालविका सूद मोगा सीट से चुनाव लड़ रही हैं। मालविका को कांग्रेस ने इस सीट से उम्मीदवार बनाया है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

suman prajapati


Recommended News

Related News