लंदन में होगा विजय गलानी का अंतिम संस्कार, परिवार को अभी तक नहीं मिला प्रोड्यूसर का पार्थिव शरीर

1/3/2022 12:19:57 PM

बॉलीवुड तड़का टीम.  29 दिसंबर, 2021 को सलमान खान की फिल्म 'वीर' के निर्माता विजय गलानी का लंदन में निधन हो गया, जिसके बाद उनके फैमिली मेंबर्स काफी सदमे में हैं। हालांकि, अभी तक प्रोड्यूसर का अंतिम संस्कार नहीं हुआ है और न ही अस्पताल प्रशासन द्वारा परिवार को उनका पार्थिव शरीर सौंपा गया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक विजय गलानी का पार्थिव शरीर 4 जनवरी को उनके परिजनों को सौंपा जाएगा। लंदन में परिवार के साथ लगातार संपर्क में रहने वाले रवैल ने खुलासा किया कि यह ब्रिटेन में कानून है और हम इसको लेकर कुछ नहीं कर सकते हैं। अंतिम संस्कार 6 या 7 जनवरी को होने की संभावना है। फिलहाल, शमशान बुक और फुल हैं।

 


रजत रवैल ने विजय गलानी की बीमारी को लेकर कहा कि वह पिछले मार्च से ही बीमार थे। वह दुबई में थे और अचानक उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने लगी। जब वह भारत लौटे, तो उन्होंने कुछ टेस्ट करवाए और फिर इस दुखद यानी ब्लड कैंसर होने की खबर के बारे में पता चला। हालांकि, उन्होंने यह सब अपने तक ही रखा था, लेकिन इस खबर को फैलते देर न लगी। गलानी के करीबी दोस्त साजिद नाडियाडवाला और बॉनी कपूर को उनकी बीमारी के बारे में पता चल गया था।

 

रजत ने आगे बताया कि फिलहाल सभी लोग और इंडस्ट्री के कुछ अन्य लोग लगातार विजय के परिवार के संपर्क में हैं और कोशिश कर रहे हैं कि उनकी हर संभव मदद की जा सके। इतना ही नहीं, रजत ने ये भी बताया कि प्रोड्यूसर वाशु भागनानी, जो ज्यादातर समय लंदन में ही रहते हैं, वह मदद के लिए आगे आए हैं और अंतिम संस्कार की तैयारियों में अपना हाथ बटा रहे हैं।


बता दें कि जिस दिन विजय गलानी का निधन हुआ, उसी दिन उनका बेटा प्रतीक लंदन से वापस मुंबई लौटा था। प्रतीक के मुंबई लौटते हुए पिता विजय ने कहा था कि बेटा मैं ठीक हूं, तुम जाओ। मुंबई पहुंचते ही प्रतीक को पिता के निधन की खबर लगी, वह तुरंत वापस लंदन लौट गए।

 


 

Content Writer

suman prajapati