पीड़ितों के लिए प्रियंका-निक ने बढ़ाया मदद का हाथ, बाढ़ से जूझ रहे असम के लिए दिया डोनेशन

7/27/2020 2:16:57 PM

मुंबई: बाढ़ के कारण असम में काफी भयंकर स्थिति बनी हुईं हैं।लोग अपने सामान और जानवरों को अस्थायी शेल्टरों में ले जाने को मजबूर हैं। इस साल चौथी बार असम के विभिन्न जिलों में बाढ़ ने कहर बरपाया है और वहां के लोग लगातार बाढ़ से होने वाली परेशानियों से जूझ रहे हैं। इसी बीच एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा और उनके पति  निक जोनस ने बाढ़ पीड़ितों के लिए मदद का हाथ बढ़ाया है।

पीसी और निक ने असम की बाढ़ में राहत पहुंचाने के लिए दान किया है। इतना ही नहीं लोगों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित किया है। सोशल मीडिया दो ऐसे संगठनों का नाम शेयर किया है, जिन्हें कोई भी दान कर सकता है।  प्रियंका ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर लिखा-' हम सभी अभी भी वैश्विक महामारी के प्रभावों से निपट रहे हैं, भारत का एक राज्य असम एक और बड़े संकट से जूझ रहा है।

 

मानसून की भारी बारिश से आई बाढ़ से यह तबाह हो गया, लाखों लोगों का जीवन इससे प्रभावित हो गया।' प्रियंका ने लिखा-'उन्हें हमारे अटेंशन और सपोर्ट की आवश्यकता है। मैं कुछ विश्वसनीय संगठनों की डिटेल शेयर कर रही हूं जो असम में ग्राउंड लेवल पर कुछ अच्छा काम कर रहे हैं। हमने और निक ने बाढ़ में राहत पहुंचाने के लिए दान किया है।

 

आइए हम ऐसे संगठनों का समर्थन करें ताकि वे जरूरतमंद लोगों की मदद करना जारी रख सकें। निक ने भी यही संदेश अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर शेयर किया। जानकारी के लिए बता दें कि प्रियंका असम टूरिज्म की ब्रांड एंबेस्डर भी हैं। 2016 में उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई थी जिसके बाद वे राज्य के कई कैम्पेन्स का हिस्सा रहीं।

बता दें कि इससे पहले प्रियंका और निक ने कोरोनो वायरस रिलीफ फंड के लिए भी दान किया था और उन सभी भारतीयों, अमेरिकियों और चैरिटी करने वाले लोगों के लिए लिंक शेयर किए थे, जिन्हें उन्होंने दान दिया था। उन्होंने प्रधानमंत्री राहत कोष और मुख्यमंत्री राहत कोष में भी दान किया था। 

Smita Sharma