राम मंदिर निर्माण के लिए एक्ट्रेस प्रणिता सुभाष ने दिए एक लाख रुपए, हाथ जोड़कर फैंस से की ऐसी अपील

1/16/2021 11:43:54 AM

बॉलीवुड तड़का टीम. अयोध्या में भगवान श्री राम के जन्मस्थान पर भव्य श्री राम मंदिर निर्माण के लिए राष्ट्रव्यापी निधि समर्पण अभियान की शुरूआत हो चुकी है। इस अभियान के दाैरान लोग बढ़-चढ़ कर मंदिर निर्माण के लिए सहयोग कर रहे हैं। इसी बीच एक्ट्रेस प्रणिता सुभाष ने श्री राम मंदिर के भव्य निर्माण के लिए 1 लाख रुपए की निधि के समर्पण की घोषणा की है।


प्रणिता सुभाष ने इस संबंध में अपने ट्विटर अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया और इसके साथ ही कैप्शन में लिखा, 'अयोध्या राम मंदिर निधि समर्पण अभियान में मैं 1 लाख देने का संकल्प लेती हूं। मैं आप सभी से निवेदन करती हूं कि इस ऐतिहासिक क्षण का भागीदार बने। राम मंदिर निधि समर्पणष।'


इसके अलावा प्रणिता इस वीडियो में भी राम मंदिर निर्माण के लिए लोगों को सहयोग करने की अपील कर रही हैं। प्रणिता के इस फैसले से लोग काफी खुश नजर आ रहे हैं और कमेंट कर उनकी तारीफ भी कर रहे हैं। 


काम की बात करें तो प्रणिता सुभाष जल्द ही कन्नड़ फिल्म 'राम अवतार' में नजर आएंगी। इसके अलावा वह भुज: द प्राइड ऑफ इंडिया में भी दिखेंगी। इस फिल्म में एक्ट्रेस अजय देवगन के साथ अहम भूमिका में नजर आएंगी। 
  

suman prajapati