नाईजीरियाई गिरोह से पुलिस ने बरामद किया ऐश्वर्या राय का जाली पासपोर्ट, 3 लोग गिरफ्तार

12/17/2022 1:36:35 PM

बॉलीवुड तड़का टीम.  ऐश्वर्या राय बच्चन बॉलीवुड इंडस्ट्री की सबसे खूबसूरत और शानदार एक्ट्रेसेस में से एक हैं, जिनकी फैन फॉलोइंग न सिर्फ देश बल्कि विदेश में भी हद से ज्यादा है। हाल ही में खबर सामने आई है कि नोएडा में तीन विदेशियों के पास से उत्तर प्रदेश पुलिस ने एक्ट्रेस का फर्जी पासपोर्ट बरामद किया है। नोएडा पुलिस और साइबर सेल ने नाइजीरियन गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। 

 

जांच के दौरान पुलिस को इस गिरोह के सदस्यों के पास से 13 लाख के नकली अमेरिकी डॉलर और 10,500 पाउंड बरामद हुए हैं। इतना ही नहीं, पुलिस ने आरोपियों के पास से ऐश्वर्या राय के नकली पासपोर्ट, छह मोबाइल, 11 सिम, लैपटॉप, प्रिंटर, पेन ड्राइव और 3 कारें भी बरामद की हैं।

 

पुलिस इनसे पूछताछ कर रही हैं कि वो ऐश्वर्या राय के जाली पासपोर्ट को आखिर किस काम में लाते थे। पुलिस के मुताबिक, ये अपराधी अपने साथियों के साथ मिलकर साइबर क्राइम करते थे। ये लोगों को फेसबुक फ्रेंड बनकर और कस्टम अधिकारी बनकर ठगी के साथ साइबर अपराध को अंजाम देते थे।

 

पुलिस के अनुसार, नाइजीरियन गिरोह के सदस्य कंपनियों के प्रतिनिधि बनकर महंगे दामों पर जड़ी-बूटियां देने का झांसा देते थे। ये लंबे से मेट्रोमोनियल साइट और डेटिंग एप्स के जरिए लोगों को लगातार निशाना बना रहा थे। इसके अलावा अपराधियों ने सेना से रिटायर्ड कर्नल के साथ भी करीब 1.81 करोड़ रुपए की ठगी की थी। जिसके बाद कर्नल ने पुलिस में कंप्लेंट दर्ज कराई थी। अब पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर उस गिरोह का पर्दाफाश किया है।

Content Writer

suman prajapati