पुलिस के हाथ लगा मालवी मल्होत्रा पर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी, इस वजह से नहीं हुईं गिरफ्तारी

10/28/2020 4:41:51 PM

बॉलीवुड तड़का टीम. टीवी एक्ट्रेस मालवी मल्होत्रा पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाला आरोपी पकड़ा गया है। पुलिस ने अभी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है, क्योंकि वह अस्पताल में भर्ती है। मालवी का आरोपी पुलिस को घायल हालत में मिला है। पूरी तरह से ठीक होने के बाद ही पुलिस उसे गिरफ्तार करेगी।


मुंबई पुलिस के अधिकारी ने बताया कि आरोपी योगेश महिपाल सिंह मंगलवार रात पड़ोसी पालघर जिले के वसई के एक अस्पताल में भर्ती हुआ था। माना जा रहा है कि मालवी मल्होत्रा ​​पर हमले के बाद उसने सुसाइड का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पुष्टि पुलिस ने नहीं की है।


मालवी पर हमले के बाद फरार हो गया था। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी को वसई स्थित अस्पताल में पाया गया जहां वर्सोवा पुलिस की एक टीम गई और उसके साथ पूछताछ की।


बता दें 26 अक्टूबर को आरोपी ने एक्ट्रेस मालवी मल्होत्रा पर जानलेवा हमला किया था। सोमवार रात मुंबई के वर्सोवा इलाके में एक्ट्रेस के पेट और दोनों हाथों में चाकू घोंप दिया था। इसमें एक्ट्रेस गंभीर रूप में घायल हुई थी और उन्हें तुरंत ही मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां अभी भी उनका इलाज जारी है। 


मामले की जांच में पता चला कि योगेश ने यह हमला एकतरफा प्यार में किया था। एक्ट्रेस ने पुलिस को दी जानकारी के मुताबिक वह पिछले एक साल से आरोपी को जानती थी और वह उससे शादी करना चाहता था, लेकिन उसे ये प्रपोज मंजूर नहीं था। जिसका ये अंजाम निकला। बता दें पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 307 (हत्या की कोशिश) सहित विभिन्न भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।

 

suman prajapati