3 अफेयर्स के बाद भी सिंगल रहीं परवीन बॉबी, आखिरी वक्त में नही मिला साथ मिली दर्दनाक मौत

4/4/2018 4:58:31 PM

मुंबई: बॉलीवुड की सेक्सी और हसीन एक्ट्रैस परवीन बॉबी का आज जन्मदिन है। उनका फिल्मी करियर बेहद खूबसूरत रहा। एक्टिंग के अलावा परवीन अपने अफेयर को लेकर काफी चर्चा में रहीं लेकिन वह आखिरी वक्त वो अकेली रह गईं। भले परवीन आज हमारे बीच नही हैं लेकिन अपने अभिनय के जरिए वो लोगों के दिलों में हमेशा जिंदा रहेंगी। आज हम आपको उनके बर्थडे पर कुछ एेसे किस्सों के बारे में बताएंगे जिसके बारे में कम ही लोग जानते हैँ। 

इन स्टार्स के साथ रहा अफेयर 

परवीन ने कभी शादी नहीं की लेकिन उनके अफेयर की चर्चे खूब रहे। इंडस्ट्री में हिट होने के बाद पहली बार परवीन का नाम अभिनेता डैनी डेन्जोंगपा से जुड़ा। डेनी ने फिल्मफेयर को दिए एक इंटरव्यू में बताया था कि परवीन के साथ वो चार सालों तक रिलेशनशिप में रहे। इसके बाद आपसी सहमित से दोनों अलग हो गए। उन्होंने ये भी बताया था कि अमिताभ बच्चन की वजह से उनका रिश्ता खत्म हुआ।

बताया जाता है कि परवीन और अमिताभ बच्चन के बीच भी चक्कर चलने की अफवाहें थीं। उन्होंने बाद में अमिताभ पर यह आरोप भी लगाया कि उन्होंने उन्हें मारने की कोशिश की है, हालांकि इसके कुछ साल बाद पता चला कि यह उनका वहम था। इसके बाद परवीन की ज़िंदगी में आए अभिनेता कबीर बेदी। इन दोनों के इश्क के खूब चर्चे हुए।

कबीर शादीशुदा थे लेकिन फिर भी दोनों काफी समय तक रिलेशनशिप में रहे लेकिन ये रिश्ता ज्यादा वक्त तक टिक नहीं पाया। कबीर बेदी से ब्रेकअप के वक्त ही परवीन बॉबी और महेश भट्ट की नजदीकियां बढ़ीं और साल 1977 में दोनों का प्यार परवान चढ़ा। परवीन बॉबी जिन दिनों 'अमर अकबर एंथनी' और 'काला पत्थर' जैसी फिल्में कर रही थीं।

उसी दौरान वो महेश भट्ट के प्यार में पागल भी थीं। प्यार का खुमार ऐसा था कि महेश अपनी पत्नी से अलग हो चुके थे और बॉबी के साथ लिव-इन में रहते थे। कुछ समय बाद परवीन बॉबी को बेहद खतरनाक मानसिक बीमारी हुई जिसका इलाज अमेरिका तक करवाया गया, लेकिन वो सही नहीं हुईं। उन्हें लगता था कि कोई उन्हें मारने की कोशिश कर रहा है।

आखिरी वक्त में रहीं अकेली

महेश भट्ट जब परवीन बॉबी से अलग हो गए तो वो अकेली पड़ गईं। अपनी बोल्डनेस के लिए जानी जाने वाली इस अभिनेत्री के साथ आखिरी वक्त में कोई भी नहीं था।

बीमारी के बाद अकेलेपन ने धीरे-धीरे परवीन बॉबी को अंदर से खाना शुरू कर दिया और पर्दे पर धूम मचाने वाली बोल्ड गर्ल, दुनिया से ऐसे विदा हुई कि किसी को कुछ पता ही नहीं चला। जनवरी 2005 में परवीन बॉबी अपने फ्लैट में मृत पाई गई थीं।


बता दें कि 4 अप्रैल, 1949 को जन्मी परवीन बॉबी का जन्म गुजरात के जूनागढ़ में एक मुस्लिम परिवार में हुआ था। परवीन ने अपनी पढ़ाई लिखाई गुजरात से ही पूरी की। परवीन के मॉडलिंग करियर की शुरूआत 1972 में हुई। बॉलीवुड में परवीन बॉबी ने 1973 में फिल्म 'चरित्र' से डेब्यू किया लेकिन ये फिल्म फ्लॉप रही। इसके बाद परवीन को बहुत सारी फिल्मों के ऑफर मिले।

परवीन बॉबी की पहली हिट फिल्म 'मजबूर' थी जो 1974 में रिलीज हुई थी और इसमें उनके साथ अमिताभ बच्चन थे। परवीन की ग्लैमरस अदाएँ खूब चर्चा में रहती थीं। परवीन बॉबी पहली बॉलीवुड स्टार थीं जो उस दौर में किसी मैगज़ीन के कवर पेज पर नज़र आईं। 1976 में टाइम मैगजीन ने अपने कवर पेज पर परवीन को जगह दी थी। इस अभिनेत्री के बारे में मशहूर डिजाइनर मनीष मल्होत्रा कहते हैं, परवीन बॉबी ने इंडस्ट्री में फैशन में आधुनिकता लाईं। वह हमेशा खूबसूरत दिखती थी।

 

Punjab Kesari