नहीं रहीं कर्नाटक संगीत की महान विभूति पी बी पोनम्मल, लंबे समय से थीं बीमार

6/23/2021 8:37:47 AM

मुंबई: कर्नाटक संगीत की महान विभूति एवं पद्मश्री से सम्मानित पारास्सला बी पोनम्मल का निधन हो गया है। उन्होंने वलियासाला स्थित अपने घर में मंगलवार को 96 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। पारास्सला बी पोनम्मल के निधन की जानकारी उनके परिवार वालों ने दी। सिंगर लंबे समय से उम्र संबंधी बीमारियों से पीड़ित थी।

कर्नाटक संगीत में निपुण, पोनम्मल एक ऐसी संगीतकार थीं, जिन्होंने शास्त्रीय संगीत में लैंगिक रूढ़ियों को तोड़ा और 1940 के दशक के दौरान यहां के ऐतिहासिक स्वाति थिरुनल कॉलेज ऑफ म्यूजिक में दाखिला लेने वाली पहली छात्रा बनीं।

संगीत शिक्षक के तौर पर करियर शुरू करने से पहले उन्होंने वहां से गण भूषणम एवं गण प्रवीण का पाठ्यक्रम प्रथम श्रेणी के साथ पूरा किया था।पोनम्मल ने स्वाति थिरुनल कॉलेज की पहली महिला संकाय और प्रसिद्ध आरएलवी कॉलेज ऑफ म्यूजिक एंड फाइन आर्ट्स, त्रिपुनिथुरा की पहली महिला प्राचार्य बनकर इतिहास रचा।

पारास्सला बी पोनम्मल को 2017 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया। इसके अलावा उन्होंने कई अन्य पुरस्कार भी अपने नाम किए।  पर्सनल लाइफ की बात करें तो पोनम्मल के परिवार में दो बेटे डी महादेवन एवं डी सुब्रमनियन हैं।  उनके पति देवनायकम अय्यर, एक बेटे और एक बेटी पहले ही दुनिया को अलविदा कह चुके हैं। 

Content Writer

Smita Sharma