फिल्म "पाकीजा" की एक्ट्रेस गीता कपूर का हुआ निधन, बच्चों ने घर से कर दिया था बाहर

5/26/2018 5:44:12 PM

मुंबई: बॉलीवुड फिल्म "पाकीजा" की एक्ट्रेस गीता कपूर का शनिवार सुबह 9 बजे मुंबई के एक वृद्धाश्रम में निधन हो गया। प्रोड्यूसर अशोक पंडित ने गीता के निधन की खबर की पुष्टि की है। अशोक ने अपने ट्विटर हैंडल से एक वीडियो भी शेयर किया है, जिमें गीता का शव नजर आ रहा है।

अशोक ने अपने ट्वीट में लिखा- 57 वर्षीय गीता कपूर के पार्थिव शरीर के पास खड़ा हूं जिन्हें उनके बच्चे एक साल पहले एसआरवी अस्पताल में छोड़ कर चले गए थे। ओल्ड एज होम में उन्होंने आज अपनी आखिरी सांस ली। हमने उनका ख्याल रखने का बहुत प्रयास किया लेकिन बेटे और बेटी के लिए उनका इंतजार उन्हें हर दिन कमजोर बनाता जा रहा था। 

बता दें कि गीता कपूर ने 100 से भी ज्यादा फिल्मों में काम किया था लेकिन उनको कमाल अमरोही की ‘पाकीजा’ के लिए सबसे ज्यादा याद किया जाता है। फिल्म ‘पाकीजा’ में गीता कपूर ने राजकुमार की दूसरी बीवी का किरदार निभाया था जबकि मीना कुमार का मुख्य किरदार था।

खबरों की मानें गीता कपूर का बेटा राजा बॉलीवुड इंडस्ट्री में ही कोरियोग्राफर है और उनकी बेटी पूजा एक एयर होस्टेस है। राजा ने ही बीते साल गीता कपूर को लावारिश छोड़ दिया था और फिर कभी उनसे मिलने नहीं आया। फिल्मकार अशोक पंडित और रमेश तौरानी ने गीता कपूर के इलाज का खर्चा उठाया और अंतिम समय तक उनका ख्याल रखा।
 

Punjab Kesari