सुशांत के परिवार के सपोर्ट में आईं निर्भया की मां आशा देवी, कहा-'देश आपके साथ, न्याय जरूर मिलेगा'

8/16/2020 11:47:23 AM

मुंबई: एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की फैमिली इस समय एक्ट्रेस  रिया चक्रवर्ती के साथ कानूनी लड़ाई लड़ रही है। एक्टर का परिवार अपने इकलौते बेटे के लिए इंसाफ की मांग कर रहा है। उन्होंने लोगों से ज्यादा से ज्यादा सुशांत को इंसाफ दिलाने के लिए सीबीआई जांच की मांग करने को कहा है। अब निर्भया की मां आशा देवी भी सुशांत की फैमिली के सपोर्ट में आ गई है। उन्होंने कहा है कि सुशांत की फैमिली के साथ पूरा देश खड़ा है।

चैनल टाइम्स नाऊ से बात करते हुए निर्भया की मां आशा देवी ने कहा- सुशांत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति जिस तरह अपने भाई के लिए न्याय मांग रही हैं उससे उनका दिल बहुत दुखा। उन्होंने श्वेता सिंह कीर्ति को आश्वस्त करते हुए कहा- 'वह भरोसा रखें, सच सामने जरूर आएगा और इंसाफ जरूर मिलेगा।

इतना ही नहीं फैंस की तरह निर्भया की मां ने भी महाराष्ट्र सरकार और मुंबई पुलिस के व्यवहार पर भी सख्त नाराजगी जताई है और सुशांत के पिता के.के सिंह को भी विश्वास दिलाते हुए कहा कि वह धैर्य बनाएं रखें और सुप्रीम कोर्ट पर पूरा भरोसा रखें। पूरा देश आपके बेटे के साथ है और आपको न्याय जरूर मिलेगा।' 

बता दें कि एक दिन पहले ही सुशांत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो शेयर करते हुए लोगों से अपील की थी कि ज्यादा से ज्यादा लोग उनके भाई को न्याय दिलाने के लिए सीबीआई जांच की मांग करें। इस मुहिम में परिवार को लोगों का साथ मिल रहा है। बता दें कि कंगना रनौत, अनुपम खेर, अंकिता लोखंडे, कृति सैनन, वरुण धवन, परिणीति चोपड़ा, सिद्धांत चतुर्वेदी,जरीन खान,हिना खान, काम्या पंजाबी,अर्जुन बिजलानी समेत कई बॉलीवुड और टीवी स्टार्स भी सुशांत के परिवार के सदस्यों के साथ जुड़कर सीबीआई जांच की मांग के उनके अभियान को समर्थन कर रहे हैं।

Smita Sharma