पुलवामा हमले पर विवादित बयान देना नवजोत सिंह सिद्धू को पड़ा भारी, कपिल के शो से हुए आउट

2/16/2019 3:06:28 PM

मुंबई: पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर हुए आतंकी अटैक से पूरा देश सहम गया है। हर किसी के मन में आक्रोश है। देश का हर नागरिक चाहता है कि भारत सरकार इन आतंकवादियों का मुंहतोड़ जवाब दे। हर कोई इस पर अपने विचार प्रकट कर रहा है। लेकिन पंजाब के मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने इस हमले पर एक ऐसा बयान दे दिया जिसे सुन हर कोई भड़क रहा है। अब हाल ही में नवजोत सिंह सिद्धू को लेकर एक खबर सामने आई है।

खबरों की मानें तो उन्हें 'द कपिल शर्मा शो' से हटा दिया गया है। चैनल ने उन्हें रिजाइन करने के लिए कहा है। उनकी जगह अर्चना पूरण सिंह शो में नजर आएंगी। मीडिया रिसोर्टस के मुताबिक अर्चना ने शो के दो एपिसोड्स की शूटिंग भी शुरू कर दी है। बता दें कि इससे पहले भी जब साल 2017 में 'सिद्धू' बीमार हुए थे तब भी अर्चना कुछ समय के लिए इस शो का हिस्सा बनीं थी।  

क्या था सिद्धू का बयान

इस हमले पर सिद्धू ने पाकिस्तान को क्लीन चिट देते हुए कहा था- 'आतंकवाद का कोई देश और धर्म नहीं होता और न ही आंतकवादियों की कोई जाति होती है।' चंद लोगों की वजह पूरे देश को दोषी नहीं ठहराया जा सकता। यह कायराता भरी हरकत थी और मैं भी इसका विरोध करता हूं लेकिन हिंसा हमेशा निंदनीय है और जिन्होंने भी ऐसा किया है उन्हें सजा मिलनी चाहिए।

Smita Sharma