मलयालम फिल्मों के म्यूजिक डायरेक्टर कैथाप्राम विश्वनाथन नंबूथिरी का निधन, कैंसर के चलते तोड़ा दम

12/30/2021 9:51:25 AM

मुंबई. साउथ इंडस्ट्री से हाल ही में एक बुरी खबर सामने आई है। मलयालम फिल्मों के म्यूजिक डायरेक्टर कैथाप्राम विश्वनाथन नंबूथिरी का निधन हो गया है। कैथाप्राम ने 58 की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। कैथाप्राम कैंसर जैसी खतरनाक बीमारी से जूझ रहे थे। लंबे समय से एक प्राइवेट अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। कैथाप्राम के निधन से म्यूजिक इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। 


1963 में उत्तरी कन्नूर जिले के कैथापराम गांव में संगीतकारों के परिवार में जन्मे विश्वनाथन ने तिरुवनंतपुरम के स्वाति थिरुनल म्यूजिक कॉलेज से गणभूशनम की उपाधि प्राप्त की। अपने करियर की शुरुआती दौर में उन्होंने एक स्थानीय स्कूल में संगीत शिक्षक के रूप में काम किया और बाद में फिल्मी दुनिया में कदम रखा। इतना ही नहीं उन्होंने संगीत सीखाने के लिए पहले अपना एक इंस्टीट्यूट भी खोला था। 


बता दें विश्वनाथन ने कन्नकी, थिलक्कम, दैवनमथिल, एकांतम, उल्लम, मध्यवेनल और नीलांबरी  सहित 20 से ज्यादा फिल्मों के लिए संगीत तैयार किया। फिल्म कन्नकी में दिए बैकग्राउंड म्यूजिक के लिए उन्हें 2001 में केरल राज्य फिल्म पुरस्कार ने नवाजा गया था। कैथाप्राम के परिवार में पत्नी गौरी और तीन बच्चे हैं। मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन और राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता वी डी सतीसन ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।

Content Writer

Parminder Kaur