''रिंकिया के पापा'' के म्यूजिक डायरेक्टर धनंजय मिश्रा का निधन, खेसारी लाल-निरूहा समेत कई स्टार्स ने दी श्रद्धांजलि

6/5/2020 7:16:26 AM

मुंबई: साल 2020 एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के लिए काफी दुख भरा हैं। एक बाद एक कई स्टार्स दुनिया को अलविदा कह रहे हैं। हाल ही में एक बार फिर इंडस्ट्री से एक और दुखद खबर सामने आ रही है। भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर म्यूजिक डायरेक्टर धनंजय मिश्रा का निधन हो गया है।जानकारी के मुताबिक वो मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती थे जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। धनंजय मिश्रा की मौत से भोजपुरी इंडस्ट्री शोक में है।

भोजपुरी सुपरस्टार कहे जाने वाले खेसारी लाल यादव समेत तमाम सेलेब्स ने उनके निधन पर शोक जताया। खेसारी लाल यादव ने उनकी फोटो पोस्ट कर लिखा, 'बहुत दुखद समाचार भोजपुरी के महान संगीतकार धनंजय मिश्रा जी अब हमारे बीच नही रहे। धनंजय भईया आप हमेशा याद आएंगे, इस दुख की घड़ी में मैं धनंजय भईया के परिवार के साथ हूं। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।'

बता दें कि धनंजय मिश्रा ने भोजपुरी के कई गानों को कंपोज किया था लेकिन वो अपने सबसे मशहूर गाने 'रिंकिया के पापा' के लिए जाने जाते हैं। इस गाने में सिंगर व पॉलिटिशियन मनोज तिवारी हैं। यह गाना ना केवल भोजपुरी दर्शकों बल्कि देशभर में मशहूर है और इसे काफी पसंद किया जाता है। इसके अलावा उन्होंने 'लगावेलू जब लिपिस्टिक' को भी कंपोज किया था। 

Smita Sharma