आदित्य पंचोली के खिलाफ FIR दर्ज, नशे के डोज़ देकर पीड़िता के साथ करते थे रेप

6/28/2019 10:47:40 AM

मुंबई: बॉलीवुड एक्टर आदित्य पंचोली एक बार फिर विवादों में फंस गए हैं। दरअसल, मुंबई पुलिस ने गुरुवार को एक्ट्रेस की शिकायत पर आदित्य पर 10 साल पुराने रेप के मामले में एफआईआर दर्ज की है। हालांकि, अभी इस बात की जानकारी सामने नहीं आ पाई है कि ये केस किसने दर्ज कराया है।

कहा जा रहा है कि एक्ट्रेस के साथ आदित्य लंबे समय तक रिलेशन में रहे थे और बीते कुछ दिनों से इनके बीच सोशल मीडिया पर जबर्दस्त तकरार चल रही थी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी आदित्य पंचोली पर 376, 328, 384, 341, 342, 323, 506 के तहत मामला दर्ज किया है। बता दें कि आदित्य के खिलाफ शिकायत करने वाली अभिनेत्री, बॉलीवुड की टॉप हीरोइन है। 

दर्ज की गई एफआईआर के मुताबिक साल 2004 से 2009 के बीच आरोपी ने नशे के डोज़ देकर पीड़िता के साथ यौन शोषण (रेप) किया, आपत्तिजनक स्थिति में उसकी तस्वीरें ले लीं थीं और परिवारवालों-रिश्तेदारों को दिखाने के नाम पर 1 करोड़ रुपए की फिरौती भी मांगी थी। जिसमें 50 लाख रुपए वसूले भी गए थे। साथ ही जब पीड़िता ने इसकी शिकायत पुलिस में करनी चाही तो उसके साथ मार-पीट भी की गई। बता दें कि इस पूरे मामले की जांच वर्सोवा पुलिस कर रही है। 

हाल ही में आदित्य पर रेप और शोषण जैसे गंभीर आरोप लगाने वाली एक्ट्रेस और उनकी बहन को कोर्ट में पेश होने का आदेश भी दिया गया था। इस मामले में आदित्य ने पुलिस में शिकायत करते हुए एक्ट्रेस और उसकी बहन पर झूठे आरोप लगाने और फंसाए जाने का दावा किया था। दोनों बहनों को 26 जुलाई को कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया गया है। इस मामले में आदित्य का कहना था कि एक्ट्रेस की ओर से उन्हें धमकियां मिल रही थीं।

वर्कफ्रंट की बात करें तो आदित्य पिछली बार संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘बाजीराव मस्तानी’ में नजर आए थे। 

Neha