मोहाली में हनी सिंह के खिलाफ दर्ज हुआ केस, गाने में बोले थे महिलाओं के लिए अपशब्द

7/9/2019 4:02:22 PM

मुंबई: बॉलीवुड सिंगर और रैपर यो यो हनी सिंह की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही है। हाल ही में हनी सिंह के गाने 'मखना' को लेकर विवाद हुआ था। अब हनी सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मोहाली में मामला दर्ज किया गया है। हनी सिंह पर उनके गाने 'मखना' में महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक और अश्लील शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप है। बीते द‍िनों इस मामले पर राज्य महिला आयोग ने पंजाब पुलिस से शिकायत की थी।

 

 

राज्य महिला आयोग की शिकायत पर हनी सिंह और भूषण कुमार के खिलाफ पंजाब के मोहाली के मटौर थाने में मामला दर्ज किया गया है। दोनों पर सेक्शन 294 (गीतों के माध्यम से अश्लीलता फैलाना) और 506 (धमकाना) सहित कुछ अन्य धाराओं में ये मुकदमा दर्ज हुआ है।

 

 

बता दें राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन ने मनीषा गुलाटी ने इस संदर्भ में एक चिट्ठी लिखकर हनी सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। मनीषा ने पंजाब के गृह सचिव और डीजीपी को चिट्ठी लिखकर विरोध दर्ज किया था। इस बारे में मनीषा गुलाटी ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया था, "हमने पुलिस से कहा है कि वो मखना गाने में महिलाओं के लिए अश्लील शब्दों के इस्तेमाल को लेकर सिंगर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करें।" हनी स‍िंह का ये गाना दिसंबर 2018 में रिलीज हुआ था। इस गाने को हनी ने गाया है। गाने को काफी पसंद किया गया था। गाने के लिरिक्स हनी सिंह ने ल‍िखे थे।

 

Konika