मिस यूनिवर्स रहीं हरनाज संधू पर टूटा दुखों का पहाड़, पिता प्रीतम सिंह की कार्डियक अरेस्ट से मौत

7/1/2023 12:45:52 PM

बॉलीवुड तड़का टीम. मिस यूनिवर्स 2021 हरनाज कौर संधू के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। एक्ट्रेस और मॉडल के पिता प्रीतम सिंह संधू का शुक्रवार सुबह निधन हो गया है। खबर है कि उनकी घर में कार्डियक अरेस्ट से मौत हो गई। वह 57 साल के थे। पिता के अचानक निधन से हरनाज संधू बुरी तरह से टूट गई हैं।


पिता की मौत के समय हरनाज संधू मुंबई में थीं। जैसे ही उन्हें यह बुरी खबर मिली तो वह तुरंत खरड़ पहुंच गईं। पारिवारिक सदस्यों के मुताबिक, वह रात खाना खाने के बाद रोज की तरह अपने बेड पर गए थे, लेकिन सुबह उनकी आंख ही नहीं खुली। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


डॉक्टर्स ने बताया कि हरनाज के पिता की मौत कार्डियक अरेस्ट से होने की संभावना है। उनका अंतिम संस्कार खरड़ के गांव बलौंगी में शुक्रवार शाम 4 बजे किया गया।

Content Writer

suman prajapati