मनोज तिवारी ने कंगना को दी मर्यादा में रह कर बात करने की सलाह, बोले- ''ऐसे बात करना हमारे देश की संस्कृति नहीं''

2/9/2022 12:03:39 PM

बॉलीवुड तड़का टीम. एक्ट्रेस कंगना रनौत फिल्म में अपने काम और लुक्स के अलावा अपने बेबाक बयानों के लिए जानी जाती हैं। वह अपनी टिप्पणियों को बड़ी बेबाकी से लोगों के सामने रखती हैं और उससे आगे किसी की परवाह नहीं करती, लेकिन हाल ही में इस धाकड़ गर्ल को भोजपुरी सिंगर और बीजेपी नेता मनोज तिवारी ने मर्यादा में बात करने की सलाह दी है। 


दरअसल, मनोज तिवारी ने हाल ही में यू्ट्यूबर समदीश भाटिया को इंटरव्यू दिया, जिसमें उन्होंने कहा कि कंगना को किसी की आलोचना करते वक्त मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए। इस दौरान मनोज तिवारी ने महाराष्ट्र सरकार और मुख्यमंत्री का उदाहरण दिया।


उन्होंने कहा, 'सुशांत के बारे में उन्होंने जो बातें कीं वह समझ आती थी लेकिन महाराष्ट्र सरकार के प्रति उनका जो रवैया था वह काफी हार्ड था। वह ठीक नहीं था। मर्यादा का पालन करना चाहिए। अपनी बात कहिए लेकिन किसी का अनादर से नाम लेना हमारे देश की संस्कृति में नहीं है।‘

 

भोजपुरी सिंगर ने आगे कहा, 'मुझे लगता है कि आपको अपनी राय इतनी विस्फोटक नहीं रखनी चाहिए कि ... वह सीधे उनके (कंगना की राय) के साथ हिट करती है। कलाकारों का धर्म होता है, या आपको यह सब स्पष्ट रूप तब कहना चाहिए अगर आप राजनीति में शामिल हो गए हैं।' 

 


मनोज तिवारी ने कहा, 'अगर कोई मुख्यमंत्री के पद पर है उसे सम्मान देना आवश्यक है, उसके पद की गरिमा है। कोई प्रधानमंत्री के पद पर है उनके साथ भी ऐसा है। विरोध करिए लेकिन भाषा मर्यादित होनी चाहिए। कंगना भाषा में मर्यादा में खो देती हैं।'

 

मनोज तिवारी के इस बयान पर अभी तक कंगना का कोई बयान नहीं आया है। इन दिनों कंगना जल्द ही एकता कपूर के शो ‘लॉक अप’ में आने को लेकर सुर्खियों में हैं। वहीं ‘धाकड़’ और ‘तेजस’ भी जैसी फिल्मों में भी नजर आएंगी।
 

Content Writer

suman prajapati