''पूरा दिन खराब कर दिया कौन करेगा इसकी भरपाई'' एयर इंडिया पर भड़के मनोज जोशी, कमियां गिनवाते हुए कहा-''कब सुधरेंगे''

10/14/2022 2:19:23 PM

मुंबई: दिग्‍गज एक्‍टर मनोज जोशी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं। वह अक्सर सोशल मीडिया पर अपनी वीडियो शेयर करते रहते हैं। हाल ही में उनका एक वीडियो शेयर किया है जिसमें हमेशा हंसमुख और सौम्‍य स्‍वभाव के दिखने वाले मनोज जोशी गुस्‍से में हैं और नाराज दिख रहे हैं। इस वीडियो के जरिए वह  एयर इंडिया की सर्विस पर अपना गुस्‍सा निकाल रहे हैं।उन्‍होंने विमानन कंपनी पर बेकार सर्विस और स्‍टाफ की कमी के कारण दिन खराब करने का आरोप लगाया है। 

इस वीडियो को मनोज जोशी ने मुंबई एयरपोर्ट पर लगेज बेल्‍ट के पास से बनाया है। इसमें वह कहते हैं-'यहां एयर इंडिया का कोई स्‍टाफ नहीं है। ये लोग कब सुधरेंगे। एक तो भोपाल से 3 घंटे की देरी से विमान उड़ा, अब यहां करीब पौने घंटे से खड़ा हूं। सामान का कोई अता-पता नहीं है।

 

मुझे कहीं जाना है, और भी दूसरे काम हैं। मेरा पूरा दिन बर्बाद हो गया है। अभी यहां एक आदमी के पास मैं गया तो वो मेरा सामान लेने नीचे गया है। हमें कोई जानकारी नहीं दी गई, यह बहुत ही वाहियात है।' 

 

वीडियोके अलावा उन्होंने एक ट्वीट भी किया जिसमें एक्टर ने लिखा-'एयर इंडिया की फ्लाइट 634 भोपाल से 3 घंटे देरी से उड़ी और अब मुंबई में लगेज बेल्‍ट के पास 40 मिनट से खड़ा हूं। यहां कोई स्‍टाफ नहीं है जो हमें गाइड कर सके। मैंने इतनी बुरी सर्विस कभी नहीं झेली। इन लोगों ने मेरा पूरा दिन बर्बाद कर दिया। इसका मुआवजा कौन भरेगा?'  मनोज जोशी ने ट्वीट में एयर इंडिया और छत्रपति श‍िवाजी इंटनेशनल एयरपोर्ट को टैग भी किया है।

वहीं एयर इंडिया ने एक्टर को रिप्लाई करते हुए कहा-'प्रिय मनोज जोशी, हमें उम्‍मीद है कि आपको आपका सामान मिल गया होगा। आप निश्‍च‍िंत रहें, आपके फीडबैक को हमने एयरपोर्ट की टीम तक पहुंचा दिया है। हम इसकी समीक्षा कर रहे हैं। हमें उम्‍मीद है कि अगली बार हम आपकी बेहतर सेवा कर पाएंगे।'
 

Content Writer

Smita Sharma