'मैंने प्यार किया' और 'बाजीगर' जैसी हिट फिल्मों के गीतकार देव कोहली का निधन, नींद में ली जिंदगी की अंतिम सांस

8/26/2023 1:26:25 PM

बॉलीवुड तड़का टीम.  मनोरंजन जगत से आए दिन कोई न कोई बुरी खबर सामने आई रहती है। अब हाल ही में खबर सामने आई है कि वेटरन लिरिसिस्ट देव कोहली इस दुनिया में नहीं रहे। उम्र संबंधी बीमारियों से पीड़ित रहने के बाद उनका 81 साल की उम्र में निधन हो गया। गीतकार के निधन की खबर से इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है।

 

देव कोहली उम्र संबंधी बीमारियों से पीड़ित होने के कारण दो-तीन महीने तक अंधेरी स्थित कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती रहे। तमाम इलाज के बाद भी उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ और बाद में डॉक्टरों ने जवाब दे दिया। तकरीबन 10 दिन घर में रहने के बाद आज सुबह चार बजे नींद में ही उनकी मौत हो गई। दिग्गज गीतकार को खोने से म्यूजिक इंडस्ट्री को बड़ी क्षति हुई है।

 

बता दें,देव कोहली ने 'लाल पत्थर', 'मैंने प्यार किया', 'हम आपके हैं कौन', 'बाजीगर', 'जुड़वा 2', 'मुसाफिर', 'इश्क', 'शूट आउट ऐट लोखंडवाला', 'टैक्सी नंबर 911' जैसी 100 से भी ज्यादा फिल्मों के लिए सुपरहिट गाने लिखे थे। देव कोहली ने सलमान खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ के लिए कबूतर जा जा, आजा शाम होने आई, आते-जाते हंसते गाते, कहे तोसे सजना जैसे सुपरहिट गीत लिखे थे। इनके अलावा, उन्होंने गीत गाता हूं मैं (लाल पत्थर) माई ना माई मुंडेर पर तेरी बोल रहा है कागा (हम आपके हैं कौन), ये काली काली आंखें (बाजीगर), चलती है क्या नौ से बारह (जुड़वा 2), ओ साकी साकी (मुसाफिर) जैसे तमाम सॉन्ग लिखे थे।

 

 

Content Writer

suman prajapati