कंगना से जुड़े सवाल से बचते दिखे उद्धव ठाकरे,कहा-''मैं इसपर बात नहीं करना चाहता, इस बारे में बात करने का समय नहीं''

11/27/2020 2:11:12 PM

मुंबई: बाॅलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत और महाराष्ट्र सरकार के बीच की तनातनी काफी सुर्खियों में हैं। सुशांत के निधन के बाद से ही कंगना उद्धव सरकार पर जमकर निशाना साध रही हैं। वहीं महाराष्ट्र सरकार भी बिना नाम लिए कंगना को लेकर बयान देती रहती हैं। लेकिन हाल ही में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने पार्टी के संपादकीय मुखपत्र सामना को दिए इंटरव्यू के दौरान कंगना रनौत से जुड़े सवालों से बचते नजर आए।

इंटरव्यू के दौरान जब उनसे कंगना रनौत के बारे सवाल किया गया, तो महाराष्ट्र के सीएम ने कंगना रनोत पर कुछ भी कहने से परहेज किया। उद्धव ठाकरे ने कहा-'कृपया इसे छोड़ दें, मैं इस पर टिप्पणी नहीं करना चाहता। मेरे पास इस बारे में बात करने का समय नहीं है।' कंगना के बारे में सवाल पूछने पर सीएम ने बस इतना कहा-'यह मुंबईकरों का अपमान है और लोग इस पर राजनीति करना चाहते हैं।'

बता दें कि कंगना सुशांत के निधन के बाद ही महाराष्ट्र सरकार को आड़े हाथ ले रही हैं। इसके अलावा उन्होंने पहले मुंबई को पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) जैसा बताया था।

इसके बाद मुंबई महानगर पालिका ने कंगना रनोत के बंगले को नोटिस देते हुए निर्माण कार्य को अवैध बताया था और नोटिस देने के 24 घंटे बीतने के साथ ही बंगले पर तोड़फोड़ कर दी थी। इसके बाद ही दोनों के बीच तनातनी बढ़ती गई।

 

Smita Sharma