सलमान से मिलने ग्लैक्सी अपार्टमेंट पहुंचे  CM एकनाथ शिंदे, फायरिंग इंसीडेंट के बाद सामने आई भाईजान की पहली तस्वीर

4/16/2024 5:58:01 PM

मुंबई: बाॅलीवुड के भाईजान सलमान खान के घर हाल ही में फायरिंग हुईं थी। फायरिंग करने वाले दोनों आरोपियों को गुजरात के भुज से पकड़ लिया गया है। गिरफ्तारी के बाद मंगलवार दोपहर दोनों आरोपी विक्की साह गुप्ता (24) और सागर जोगेंद्र पाल (21) को मुंबई कोर्ट में पेश किया गया। दोनों आरोपियों को 10 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं मुंबई स्थित घर पर फायरिंग के बाद सलमान खान को पहली बार कैप्चर किया गया।

 

दरअसल,  16 अप्रैल को सलमान से मुलाकात करने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे गैलेक्सी अपार्टमेंट पहुंचे। दोनों की तस्वीरें सामने आ गई हैं। इनमें उन्हें बातचीत करते देखा जा सकता है। सलमान और एकनाथ शिंदे के साथ एक्टर के पिता सलीम खान को भी देखा जा सकता है। 


जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री शिंदे ने सलमान खान और उनके परिवार से कुछ देर बात की।इस दौरान उन्होंने एक्टर को आश्वासन दिया कि उन्हें और उनके परिवार की सिक्योरिटी बढ़ा दी जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में वो किसी भी तरह की अंडरवर्ल्ड की एक्टिविटी को नहीं सहेंगे भले ही वो कोई बिश्नोई गैंग ही क्यों न हो।


इससे पहले 15 अप्रैल को सलमान खान से मिलने के लिए राज ठाकरे पहुंचे थे। इसके अलावा एक्टर खुद भी भारी सिक्योरिटी के बीच बाहर निकले थे हालांकि सिक्योरिटी के चलते उनकी तस्वीरें सामने नहीं आ पाई थीं।

कुछ साल पहले बॉलीवुड के दबंग एक्टर सलमान खान को जान से मारने की धमकी मिली थी। धमकियों के बाद से सलमान खान काफी टाइट सिक्योरिटी में रह रहे हैं लेकिन भारी सिक्योरिटी के बावजूद 14 अप्रैल को सुबह 4.50 बजे सलमान खान के घर गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर दो अनजान लोगों ने कई राउंड फायरिंग की। दो अनजान लोगों ने सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर तीन से चार राउंड हवाई फायरिंग की थी। दोनों शूटर बाइक से आए थे और फिर हवा में फायरिंग करके भाग गए। अब दोनों को मुंबई पुलिस ने पकड़ लिया है।

Content Writer

Smita Sharma