सोनाक्षी पर टिप्पणी करने पर महाभारत के ''दुर्योधन'' ने साधा मुकेश खन्ना पर निशाना, बोले- ''आपको इस उम्र में...''

4/12/2020 12:23:53 PM

मुंबई: बाॅलीवुड एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा का केबीसी 'रामायण' विवाद खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है।  बीते दिनों 'महाभारत' में भीष्म का किरदार निभा चुके अभिनेता मुकेश खन्ना ने सोनाक्षी सिन्हा पर तंज कसा था। मुकेश ने कहा था कि 'रामायण' का दोबारा प्रसारण कई लोगों के लिए फायदेमंद हैं। सोनाक्षी जैसे लोगों को अपनी संस्कृति और इतिहास को जानने में मदद करेगा। इसके बाद सोनाक्षी के पिता शत्रुघ्न सिन्हा ने बेटी का बचाव किया था। वहीं अब इस पर एक और एक्टर ने अपना पक्ष रहा।

'महाभारत' में दुर्योधन का किरदार निभाने वाले अभिनेता पुनीत इस्सर ने सोनाक्षी का बचाव किया। अंग्रेजी वेबसाइट स्पाॅटबाॅय को दिए इंटरव्यू में पुनीत ने कहा-'मुकेश खन्ना को सोनाक्षी के बारे में ऐसा नहीं कहना चाहिए था। सोनाक्षी आर्य विद्या मंदिर की स्टूडेंट रही हैं। मेरे बच्चे भी वहीं पढ़ते थे। अगर वो 'कौन बनेगा करोड़पति' में किसी एक सवाल का जवाब नहीं दे पाईं तो इसका मतलब ये नहीं है कि दुनिया खत्म हो गई।

'पुनीत ने आगे कहा-'आखिर क्यों कोई किसी दूसरे की इस तरह खुलकर आलोचना कर रहा है। यह मेरी व्यक्तिगत राय है। मैं उनके खिलाफ कुछ नहीं बोलना चाहता लेकिन सोचिए जरा, वो एकता कपूर के खिलाफ बोलकर एक नया विवाद खड़ा कर रहे हैं।'

पुनीत आगे कहते हैं 'महाभारत पर किसी का कॉपीराइट नहीं है, हर किसी को बनाने का हक है। यही नहीं साजिद नाडियाडवाला के दादा जी ने भी 'महाभारत' पर फिल्म बनाई थी और वो सुपरहिट साबित हुई थी। इस उम्र में आपको विनम्र होना चाहिए। फल लगते हैं तो पेड़ को झुक जाना चाहिए।'

पिता शत्रुघ्न सिन्हा ने बेटी का किया था सपोर्ट

इससे पहले शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा था कि 'मुझे लगता है कि कुछ लोगों को सोनाक्षी से दिक्कत है। उसने 'रामायण' से जुड़े सवाल का जवाब नहीं दिया तो क्या हुआ? पहली बात तो ये कि उस शख्स को किसने 'रामायण' का एक्सपर्ट बनाया है? और किसने उन्हें हिंदू धर्म का गार्जियन बनाया है?'

बता दें कि कौन बनेगा करोड़पति में हॉट सीट पर पहुंची सोनाक्षी सिन्हा रामायण से जुड़े एक सवाल का जवाब नही दे पाई थीं। इसी के कारण सोनाक्षी सिन्हा की सोशल मीडिया पर खूब आलोचना हुई थी। लोगों ने सोशल मीडिया पर सोनाक्षी को जमकर ट्रोल किया था। 

Smita Sharma