श्रीदेवी को याद कर माधुरी ने कही भावुक कर देने वाली बात

2/10/2019 1:15:26 AM

मुंबईः बॉलीवुड की दिग्गज एक्ट्रेस श्रीदेवी को इस दुनिया से विदा हुए तकरीबन एक साल हो गया है। फैन्स के लिए इस बात को स्वीकार कर पाना आज भी मुश्किल है कि श्रीदेवी अब इस दुनिया में नहीं रहीं। श्रीदेवी, अभिषेक वर्मन के निर्देशन में बन रही फिल्म कलंक में काम करने वाली थीं लेकिन उनके इस दुनिया से विदा होने के बाद निर्देशक को उनके रोल के लिए किसी और को कास्ट करना था। अभिषेक ने बहुत सोच-विचार के बाद इस रोल के लिए माधुरी को कास्ट किया।

माधुरी ने बताया कि इस बात को स्वीकार करना कितना मुश्किल था कि श्रीदेवी नहीं रहीं। उन्होंने कहा, ‘‘इस बात को स्वीकार करने में बहुत वक्त लगा कि वह नहीं रहीं। यह बहुत शॉकिंग था। मेरा रिएक्शन ऐसा था कि आप चाहते हैं कि मैं यह रोल करूं। क्योंकि वे भी बहुत मजबूर थे। उन्हें काम तो करते रहना था। एक इंसान के दौर पर इसे स्वीकार करना मुश्किल था। एक कलाकार के तौर पर आपको रोल और स्क्रिप्ट पता होता है।

ये दोनों पूरी तरह से अलग चीजें हैं लेकिन सच को स्वीकार करना बहुत मुश्किल था।’’ बता दें श्रीदेवी ने 24 फरवरी को दुनिया को अलविदा कह दिया था, हालांकि फैंस के दिलों में वो आज भी जिंदा हैं। श्रीदेवी की मौत दुबई के होटल में हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक बाथटब में डूबने से उनकी मौत हुई। 

Pawan Insha