फिल्म ''राम तेरी गंगा मैली हो गई'' से रातों-रात स्टार बने थे राजीव कपूर, फिर भी इंडस्ट्री में नहीं चला ऋषि के भाई का सिक्का

2/9/2021 4:35:35 PM

बॉलीवुड तड़का टीम. दिग्गज एक्टर रणधीर कपूर और ऋषि कपूर के छोटे भाई राजीव कपूर अब इस दुनिया में नहीं रहे। 9 फरवरी को उनका निधन हो गया है। उनके निधन से बॉलीवुड इंडस्ट्री में शोक की लहर है और स्टार्स से लेकर फैंस उन्हें सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दे रहे हैं। 


58 साल की उम्र में दम तोड़ने वाले राजीव कपूर बॉलीवुड के दिग्गज कलाकार राज कपूर के बेटे थे। राजीव, रणधीर और ऋषि कपूर दोनों भाइयों से छोटे थे। अपने दोनों भाईयों की ही तरह राजीव ने भी बॉलीवुड में हाथ आजमाया था और कई फिल्मों में काम भी किया था। उनकी पहली फिल्म ने ही उन्हें रातों रात स्टार बना दिया था। लेकिन उसके बाद उनकी फिल्मों का सितारा चमक नहीं पाया। 


बता दें उन्होंने पापा राज कपूर के डायरेक्टोरियल वेंचर से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। उनकी पहली फिल्म का नाम राम तेरी गंगा मैली हो गई था, जो कि साल 1985 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में मंदाकिनी उनके अपोजिट रोल में थीं।

 

ये फिल्म काफी सुपरहिट रही। इसके बाद राजीव आसमान, मेरा साथी, लावा, जबरदस्त, लवर बॉय, अंगारे, प्रीति, जलजला, हम तो चले परदेश, शुक्रिया, नाग नागिन जैसी फिल्मों में नजर आए। लेकिन इनके बावजूद भी वो इंडस्ट्री में अपना सिक्का नहीं चला पाए। 


राजीव को आखिरी बार साल 1990 में फिल्म जिम्मेदार में देखा गया था। इसके बाद उन्होंने फिल्मों में डायरेक्टर और प्रोड्यूसर के तौर पर काम करना शुरू कर दिया।
उन्होंने प्रेम ग्रंथ, आ अब लौट चलें और हिना जैसी फिल्मों को प्रोड्यूस किया था। 1986 में रिलीज हुई ऋषि कपूर और माधुरी दीक्षित स्टारर प्रेम ग्रंथ में राजीव ही डायरेक्टर थे। इसके बाद वो फिल्म इंडस्ट्री में ज्यादा एक्टिव नजर नहीं आए।
  

Content Writer

suman prajapati