KKK 11: केपटाउन पहुंची पत्नी दिव्यांका को बहुत मिस कर रहे हैं विवेक दहिया, बोले- ऐसा लग रहा जैसे मेरा एक हिस्सा अलग हो गया

5/9/2021 3:16:37 PM

मुंबई. एक्ट्रेस दिव्यांका त्रिपाठी शो 'खतरों के खिलाड़ी 11' में हिस्सा लेने के लिए केपटाउन पहुंच गई है। एक्ट्रेस ने शो की शूटिंग भी शुरू कर दी है। दिव्यांका को पति विवेक दहिया एयरपोर्ट छोड़ने गए थे। एक-दूसरे से दूर होने के समय दिव्यांका विवेक के गले लग कर रोई भी थी। अब विवेक दिव्यांका को बहुत मिस कर रहे हैं।


विवेक ने हाल ही में मीडिया से बात करते हुए कहा- 'कई महीनों से हम दोनों लगातार एक-दूसरे के साथ थे। फिल्मी तरीके से कहूं तो हम दो जिस्म और एक जान जैसे हैं। कोरोना महामारी शुरू होने के समय से ही हम दोनों साथ में बहुत सारा टाइम बिता रहे थे। ऐसा लग रहा है जैसे मेरा एक हिस्सा दिव्यांका के साथ केप टाउन चला गया है।'


विवेक ने आगे कहा- 'हम दोनों के लिए ही यह बहुत मुश्किल है। मैंने दिव्यांका से कहा है कि वह मुझे वीडियो कॉल करते रहे ताकि मुझे अपने आसपास उसकी मौजूदगी का अहसास होता रहे। वैसे भी मैं उसे घर में हर जगह देखता रहता हूं। मैं बस चाहता हूं कि वह सुरक्षित रहे और खुश रहे।'


इसके अलावा विवेक ने कहा- अब वह खुद के साथ कुछ समय बिताना चाहते हैं। अब वह अपनी हेल्थ पर ध्यान देंगे और किताबें पढ़ेंगे। इसके अलावा वह चंडीगढ़ जाकर फैमिली के साथ समय बिताने के बारे में भी सोच रहे हैं।


बता दें शो 'खतरों के खिलाड़ी 11' में इस बार दिव्यांका के अलावा राहुल वैद्य, निक्की तंबोली, आस्था गिल, वरुण सूद, सना मकबूल, श्वेता तिवारी, अभिनव शुक्ला, अर्जुन बिजलानी, विशाल आदित्य सिंह और सौरभ राज जैन जैसे स्टार्स नजर आएंगे। सभी केप टाउन पहुंच गए हैं। 

Content Writer

Parminder Kaur