म्यूजियम बनाकर दिलीप कुमार-राज कपूर की विरासत को संजोएगी पाकिस्तान सरकार! पैतृक घरों की खरीद के लिए मंजूर किए 2.35 करोड़ रुपए

1/6/2021 11:14:32 AM

मुंबई: इंडस्ट्री के दिग्गज स्टार दिलीप कुमार और दिवंगत एक्टर राज कपूर के पेशावर में मौजूद पुश्तैनी घरों को पाकिस्तान सरकार ने म्यूजियम में बदलने का फैसला किया। पाकिस्तान के राज्य खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री ने इसे औपचारिक तौर पर मंजूरी दे दी है। एक पंजाबी न्यूज वेबसाइट के मुताबिक विशेष सहायक मुख्यमंत्री कामरान बंगश ने इस बारे में बात करते हुए कहा-'सरकार राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने की कोशिश कर रही है ताकि प्रांत में आर्थिक गतिविधियां जारी रह सकें।

यही वजह है कि खैबर पख्तूनख्वा सरकार ने बॉलीवुड के दिग्गज कलाकारों की इन विरासत को संजोने का फैसला किया है ताकि पर्यटक इन महान कलाकारों के पुश्तैनी मकानों को देख सकें।'

इतना ही नहीं कामरान बंगश ने कहा कि मुख्यमंत्री महमूद खान ने दोनों ऐतिहासिक मकानों के लिए 2.35 करोड़ रुपये मंजूर किए।

खबरों के मुताबिक राज कपूर के घर की कीमत 1.5 करोड़ रुपए और दिलीप कुमार के घर की कीमत 80 लाख रुपए आंकी गई है। पुरातत्व विभाग के डायरेक्टर डॉ. अब्दुल समद के मुताबिक इन घरों को म्यूजियम बनाने के काम जल्द शुरू होगा।

बता दें कि दिलीप कुमार और राज कपूर का जन्म पेशावर के किस्सा ख्वानी इलाके में हुआ था। इन्हीं गलियों में दोनों का बचपन गुजरा था। राजकपूर के पुश्तैनी घर को कपूर हवेली के नाम से जाना जाता है।  इसका निर्माण राज कपूर के दादा दीवान बशेस्वरनाथ कपूर ने 1918-22 में करवाया था। 

Smita Sharma