केरल पुलिस ने जब्‍त की करीना कपूर के नाम पर रजिस्‍टर्ड Porsche कार, जानिए क्या है पूरा मामला

10/1/2021 12:12:43 PM

मुंबई. मोनसन मावुंकल नाम का शख्स बीते दिनों से केरल मीडिया में खूब चर्चा में बना हुआ है। यह इंसान एक ठग है, जिसने कथ‍ित तौर पर बीते करीब 10 साल में एंटीक यानी दुलर्भ चीजों के नाम पर लोगों को करोड़ों का चूना लगाया है। मोनसन के पास से 20 कारें बरामद हुई हैं। इनमें एक पोर्शे बॉक्‍सटर लग्‍जरी कार करीना कपूर के नाम पर रजिस्‍टर्ड है। हालांकि, पुलिस अभी इस बात की जांच कर रही है कि कार के दस्‍तावेज असली हैं या नकली। लेकिन इतना जरूर है कि इस ठगी और फर्जीवाड़े के केस में एक्‍ट्रेस का नाम जाने-अनजाने शामिल हो गया है।


रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस जब मोनसन मावुंकल की संपत्त‍ि की जांच कर रही थी, तब इसमें एक पोर्शे बॉक्‍सटर लग्‍जरी कार भी जब्‍त की गई। यह कार अभी चेरथला पुलिस स्‍टेशन में है। जब इस कार के कागजात तलाशे गए तो पुलिस को इस पर करीना कपूर का नाम मिला। इतना नहीं, इसमें करीना कपूर के पिता का नाम भी रणधीर कपूर लिखा हुआ है और पता भी हिल रोड, बांद्रा मुंबई का है। पुलिस ने मोनसन के पास से ऐसी 20 गाड़‍ियां बरामद की हैं।


पुलिस ने जो पोर्शे कार अपने कब्‍जे में ली है, उसका रजिस्‍ट्रेशन नंबर महाराष्‍ट्र का है। यह कार 2007 में खरीदी गई है। करीना ने जब यह कार बेची होगी तो नए मालिक ने शायद कार अपने नाम पर न तो ट्रांसफर की और न ही केरल का रजिस्‍ट्रेशन नंबर लिया। बीते दिनों बेंगलुरु में ही एक ऐसा ही मामला सामने आया था, जहां एक रॉल्‍स रॉयस कार अमिताभ बच्‍चन के नाम पर थी।


बता दें मोनसन स्टार्स, राजनेताओं और कई टॉप पुलिस अफसरों को चूना लगाता था। मोनसन एंटीक चीजों का फर्जी धंधा करता था। एंटीक बताकर लोगों को लोकल सामान बेच देता था। उसके पास यहूदा के 30 चांदी के सिक्‍के हैं। टीपू सुल्तान के शाही सिंहासन से भी जुड़ी कुछ चीजें हैं। 52 साल के मावुंकल की गिरफ्तारी याकूब पुराइल, अनूप वी अहमद, सलीम एडाथिल, एम टी शमीर, सिद्दीकी पुराइल और शैनिमोन की शिकायत के बाद हुई। यह श‍िकायत साल 2017 में की गई थी। इसमें 10 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया था।

Content Writer

Parminder Kaur